Wed, 18 Nov 202611:12 AM
Wed, Nov 18, 2026Updated 11:12 AM IST
होम › मध्य प्रदेश

फारुख खत्री राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किए गए बाग प्रिंट

WhatsAppFacebookX

News video GIF

📰 वंदे भारत न्यूज़ | बाग से विशेष रिपोर्ट

राष्ट्रपति भवन में सम्मानित हुए बाग प्रिंट के शिल्पकार फारुख सुलेमान खत्री, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विशेष आमंत्रण देकर किया सम्मान

बाग/धार। मध्यप्रदेश की विश्वविख्यात पारंपरिक हस्तकला बाग प्रिंट ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर बाग और धार जिले का नाम रोशन किया है। बाग प्रिंट के प्रसिद्ध शिल्पकार एवं राष्ट्रीय मेरिट पुरस्कार से सम्मानित फारुख सुलेमान खत्री को 16 नवंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया गया।

इस उपलब्धि से बाग क्षेत्र के शिल्पकारों और पूरे धार जिले में खुशी का माहौल है। उल्लेखनीय है कि स्वतंत्रता दिवस 2026 के आधिकारिक निमंत्रण बॉक्स में भी बाग प्रिंट के पारंपरिक वस्त्र को विशेष स्थान दिया गया था। इस कार्य में फारुख सुलेमान खत्री का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

बाग प्रिंट अपनी प्राकृतिक रंगाई, लकड़ी के हाथों से बने ठप्पों और पीढ़ियों से चली आ रही पारंपरिक छपाई कला के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है। खत्री परिवार लंबे समय से इस कला को संरक्षित करने और नई पहचान दिलाने के लिए कार्य कर रहा है।

गौरतलब है कि वर्ष 2024 में भी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित मास्टर शिल्पकार हाजी मुबारिक खत्री से मुलाकात कर बाग प्रिंट की लाइव शिल्प प्रस्तुति देखी थी। अब वर्ष 2026 में फारुख सुलेमान खत्री को राष्ट्रपति भवन से विशेष आमंत्रण और सम्मान मिलना बाग प्रिंट की राष्ट्रीय पहचान को एक नई उपलब्धि प्रदान करता है।

राष्ट्रपति भवन में मिला यह सम्मान केवल एक शिल्पकार का सम्मान नहीं, बल्कि बाग की ऐतिहासिक कला, मेहनतकश कारीगरों और इस विरासत को पीढ़ियों से सहेजने वाले पूरे शिल्पकार समुदाय का सम्मान है। बाग की धरती से राष्ट्रपति भवन तक पहुंची यह उपलब्धि पूरे मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

वसीम शाह की ओर से फारुख सुलेमान खत्री एवं समस्त खत्री परिवार को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

✍️ वसीम शाह
पत्रकार | वंदे भारत न्यूज़
बाग, जिला धार