Sat, 17 Oct 20261:38 PM
Sat, Oct 17, 2026Updated 1:38 PM IST
होम › उत्तर प्रदेश

फतेहपुर: घटमाखेड़ा में गरीब परिवार का कच्चा मकान ढहा, मलबे में दबा गृहस्थी का सामान

WhatsAppFacebookX

News video GIF

फतेहपुर जिले के खजुहा विकासखंड की ग्राम पंचायत सिजौली के मजरे घटमाखेड़ा में एक गरीब परिवार का कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में मकान के अंदर रखा गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के बाहर थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

यह मकान घटमाखेड़ा निवासी ब्रजमोहन प्रजापति पुत्र गिरधारी का था। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने का संकट खड़ा हो गया है।

मजदूरी से चलता है परिवार का खर्च

पीड़ित ब्रजमोहन प्रजापति ने बताया कि उनके चार बेटे हैं। बड़ा बेटा अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अलग मकान में रहता है। वहीं, ब्रजमोहन अपनी पत्नी निर्मला, तीन बेटों और एक बेटी के साथ इसी मकान में रहते थे।

उन्होंने बताया कि उनके तीनों बेटे रोजी-रोटी के लिए गुजरात के सूरत स्थित एक निजी फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं। परिवार के पास थोड़ी-सी कृषि भूमि है, जिससे घर का खर्च चलाना मुश्किल होता है। ऐसे में परिवार की आजीविका मुख्य रूप से बेटों की मजदूरी पर निर्भर है।

पत्नी बीमार, परिवार पहले से आर्थिक संकट में

ब्रजमोहन के मुताबिक, उनकी पत्नी निर्मला करीब एक साल से बीमार हैं और उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल घर पर उनकी पत्नी और 17 वर्षीय बेटी शालिनी रहती हैं। परिवार पहले से ही आर्थिक तंगी और बीमारी से जूझ रहा था। अब मकान गिरने से उसकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

प्रशासन से मदद की उम्मीद

मकान गिरने के बाद पीड़ित परिवार को प्रशासनिक सहायता का इंतजार है। परिवार को उम्मीद है कि संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करेंगे और पात्रता के अनुसार सरकारी आवास योजना तथा आपदा राहत के तहत सहायता उपलब्ध कराएंगे।

अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कब तक कार्रवाई करता है और बेघर होने की स्थिति का सामना कर रहे परिवार को कितनी राहत मिल पाती है।

अमर दीप त्रिपाठी की रिपोर्ट, फतेहपुर, उत्तर प्रदेश।