Sat, 21 Nov 20269:14 PM
Sat, Nov 21, 2026Updated 9:14 PM IST
होम › उत्तर प्रदेश

परीक्षा देने जा रही बीएससी छात्रा की सड़क हादसे में मौत, भाई समेत दो घायल

WhatsAppFacebookX

सकीट (एटा)। थाना रिजोर क्षेत्र में जयपुरिया स्कूल के पास शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 19 वर्षीय बीएससी छात्रा मुस्कान की मौत हो गई, जबकि उसका 18 वर्षीय भाई मोहित और गांव का एक अन्य युवक विपिन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, फिरोजाबाद जिले के एका थाना क्षेत्र के गांव कुंजपुर निवासी मुस्कान अपने भाई मोहित और गांव के विपिन के साथ बाइक से एटा स्थित एसके कॉलेज में परीक्षा देने जा रही थी। शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे जयपुरिया स्कूल के पास पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने मुस्कान को मृत घोषित कर दिया। वहीं मोहित और विपिन के फ्रैक्चर होने के कारण उनका उपचार जारी है।

परीक्षा देने की तैयारी में थी मुस्कान

मुस्कान के मामा नरेंद्र ने बताया कि वह अपने भाई के साथ परीक्षा देने एटा जा रही थी। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। वहीं उसके चाचा राजवीर ने बताया कि मुस्कान एसके कॉलेज में परीक्षा देने जा रही थी।

चौकी प्रभारी अनिल पवार ने बताया कि बाइक सवार एक ही दिशा में जा रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने कट मारते हुए बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में युवती की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।