Tue, 13 Oct 20264:34 PM
Tue, Oct 13, 2026Updated 4:34 PM IST
होम › देश

पर्यटन के मानचित्र पर चमकेगा ताराकुंड, विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं होने देंगे: डॉ. धन सिंह रावत

WhatsAppFacebookX

जनपद पौड़ी गढ़वाल के पौराणिक धार्मिक स्थल ताराकुंड को पर्यटन और तीर्थाटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास तेज किए जा रहे हैं। कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने ताराकुंड पहुंचकर इसके विकास की योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी।

मंगलवार को डॉ. धन सिंह रावत सैकड़ों ग्रामीणों के साथ पदयात्रा कर ताराकुंड पहुंचे। यहां उन्होंने मां तारा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा-अर्चना आचार्य डॉ. शिव चरण नौडियाल ने विधि-विधान से संपन्न कराई।

ग्रामीणों ने रखीं विकास से जुड़ी मांगें

मंदिर परिसर में आयोजित खुली चर्चा के दौरान ग्रामीणों ने ताराकुंड के विकास को लेकर अपने सुझाव रखे। उन्होंने सड़क संपर्क बेहतर बनाने, झील का सौंदर्यीकरण कराने, विश्राम गृह और ध्यान केंद्र का निर्माण करने सहित श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित करने की मांग की।

ग्रामीणों की मांगों पर चर्चा करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि ताराकुंड को पर्यटन एवं तीर्थाटन सर्किट से जोड़कर धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।

प्रमुख धार्मिक स्थलों से जोड़ने की योजना

डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश के पौराणिक मंदिरों और ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों का संरक्षण एवं विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी क्रम में ताराकुंड को बुंखाल मंदिर, पैठाणी स्थित राहु मंदिर, भैरवनाथ मंदिर, देवलगढ़ के राजराजेश्वरी देवी मंदिर, कमलेश्वर महादेव मंदिर और मां धारी देवी मंदिर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के साथ तीर्थाटन सर्किट से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा।

इस पहल से क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। साथ ही, पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।

ताराकुंड के समग्र विकास को लेकर ग्रामीणों में उम्मीद जगी है। अब क्षेत्रवासियों की नजरें प्रस्तावित योजनाओं के क्रियान्वयन और सुविधाओं के विस्तार पर रहेंगी।

रिपोर्ट: दलीप सिंह, जिला ब्यूरो चीफ, पौड़ी गढ़वाल | वंदे भारत न्यूज़ चैनल