पटाखा फोड़ने को लेकर विवाद, महिला और बेटे की पिटाई

पटाखा फोड़ने को लेकर विवाद, महिला और बेटे की पिटाई
फतेहपुर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू
बाराबंकी। जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के करंडा गांव में पटाखा फोड़ने को लेकर हुए विवाद में एक महिला और उसके बेटे की पिटाई कर दी गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के मुताबिक, 21 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे वह अपने आंगन में सफाई कर रही थी। इसी दौरान उसका चार वर्षीय भतीजा युग शर्मा आंगन में पटाखे फोड़ रहा था। आरोप है कि इसी बात को लेकर गांव के राम प्रताप, उसके बेटे सुभाष, सूरज और दीपेंद्र उर्फ दीपू घर पहुंच गए और गाली-गलौज करने लगे।
महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावर घर के अंदर घुस आए और महिला को पीटने लगे। शोर सुनकर मां को बचाने पहुंचे उसके बेटे अनिल कुमार के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गया।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद फतेहपुर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

