पुसद की चाणक्य ट्रैवल्स का समृद्धि महामार्ग पर भीषण हादसा; 30 यात्री घायल, दो की मौत चालक को झपकी आने या चक्कर आने से हादसा होने की प्राथमिक आशंका; चार घायलों की हालत चिंताजनक

पुसद की चाणक्य ट्रैवल्स का समृद्धि महामार्ग पर भीषण हादसा; 30 यात्री घायल, दो की मौत
चालक को झपकी आने या चक्कर आने से हादसा होने की प्राथमिक आशंका; चार घायलों की हालत चिंताजनक
पुसद | जिला प्रतिनिधि शेख महेबूब
पुसद से मुंबई की ओर जा रही चाणक्य ट्रैवल्स की बस का समृद्धि महामार्ग पर छत्रपति संभाजीनगर के निकट हर्सूल-सावंगी क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हो गया। रविवार, 22 नवंबर की मध्यरात्रि और सोमवार, 23 नवंबर की तड़के हुई इस दुर्घटना में करीब 30 यात्री घायल हो गए, जबकि दो लोगों की मौत होने की प्राथमिक जानकारी सामने आई है। मृतकों में पुसद निवासी उत्तम जाधव का नाम भी शामिल बताया जा रहा है।
प्राप्त प्राथमिक जानकारी के अनुसार, पुसद से मुंबई जा रही चाणक्य ट्रैवल्स की बस (क्रमांक MH 41 9955) समृद्धि महामार्ग के चैनल क्रमांक 426 के पास पहुंची थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बस के चालक को अचानक नींद की झपकी आने अथवा चक्कर आने के कारण वाहन से नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है। इसके बाद बस पुल की सुरक्षा दीवार से टकराकर पलट गई। हालांकि, हादसे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
इस भीषण दुर्घटना में पुसद, यवतमाल, वाशिम तथा मुंबई-ठाणे क्षेत्र के कुल 30 यात्री घायल हुए हैं। घायलों में पुसद और यवतमाल क्षेत्र के मोहम्मद, करण खडसे, अनुज खडसे, शिवनेरी राठोड, नंदिनी राठोड, भुरन विनायक और वैभव ढोलकर सहित अन्य यात्रियों के नाम सामने आए हैं। हालांकि, घायलों के नामों की आधिकारिक पुष्टि प्रशासन की ओर से की जा रही है।
हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को उपचार के लिए छत्रपति संभाजीनगर स्थित शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय एवं अस्पताल (घाटी अस्पताल) में भर्ती कराया गया है। इनमें से चार यात्रियों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
पुसद में शोक की लहर
इस दुर्घटना में पुसद निवासी उत्तम जाधव सहित दो लोगों की मौत होने की खबर सामने आने के बाद पुसद शहर और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। हादसे में मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या, उनके नाम तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जानकारी पुलिस जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी।

