Fri, 20 Nov 20266:22 PM
Fri, Nov 20, 2026Updated 6:22 PM IST
होम › मध्य प्रदेश

राजस्व मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं मऊगंज कलेक्टर

WhatsAppFacebookX

राजस्व प्रकरणों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी, लंबित मामलों का समय-सीमा में करें निराकरण – कलेक्टर ओगरे

मऊगंज। कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में लंबित राजस्व प्रकरणों और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन सहित सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने दो से पांच वर्ष पुराने लंबित राजस्व प्रकरणों की एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही पंजीयन की जानकारी मिलते ही उसी दिन नामांतरण प्रकरण दर्ज करने और फौती नामांतरण में पटवारी की रिपोर्ट 15 दिवस के भीतर प्रस्तुत करने को कहा।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने कहा कि केवल पोर्टल पर जवाब दर्ज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक और संतुष्टिपूर्ण समाधान होना चाहिए। उन्होंने शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्राकृतिक आपदा राहत, फार्मर रजिस्ट्री और भू-अर्जन के लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। भू-अर्जन से प्रभावित लोगों को नियमानुसार लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर कलेक्टर पीके पांडेय, एसडीएम हनुमना राजेश मेहता, एसडीएम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी सहित जिले के समस्त तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।

अब देखना होगा कि कलेक्टर के सख्त निर्देशों के बाद वर्षों से लंबित राजस्व प्रकरणों और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में कितनी तेजी आती है।