रोसड़ा में सुबह-सुबह महिला से चाकू के बल पर छिनतई, करीब 50 हजार रुपये का सोने का मंगलसूत्र काटकर ले गया बाइक सवार; विरोध करने पर जान से मारने की धमकी, थाना में दिया आवेदन


रोसड़ा में सुबह-सुबह महिला से चाकू के बल पर छिनतई, करीब 50 हजार रुपये का सोने का मंगलसूत्र काटकर ले गया बाइक सवार; विरोध करने पर जान से मारने की धमकी, थाना में दिया आवेदन
रोसड़ा (समस्तीपुर): रोसड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह एक महिला के साथ चाकू का भय दिखाकर सोने का मंगलसूत्र छीनने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़िता श्रीमती गुड़िया देवी ने रोसड़ा थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता के आवेदन एवं उनके बताए गए घटनाक्रम के अनुसार, 17 नवंबर 2026 की सुबह करीब 5 बजे वह घर से कचरा फेंकने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान मब्बी की तरफ से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि बाइक सवार ने बड़ा चाकू निकालकर उन्हें डराया और धमकी देते हुए कहा कि अगर हल्ला करोगी तो जान से मार देंगे।
पीड़िता के मुताबिक, इसी दौरान आरोपी ने उनके गले से सोने का मंगलसूत्र काट लिया और मौके से फरार हो गया। छीने गए सोने के मंगलसूत्र की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि पीड़िता गुड़िया देवी का घर रोसड़ा पुरानी बस स्टैंड के पास स्थित है। घटना के बाद वह काफी भयभीत हैं। उन्होंने अपने लिखित आवेदन में पूरी घटना की जानकारी देते हुए पुलिस प्रशासन से न्याय की मांग की है।
पीड़िता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने, उसके विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा छीने गए सोने के मंगलसूत्र की बरामदगी कराने की गुहार लगाई है।
रिपोर्ट: सुन्देश्वर कुशवाहा

