सब्जी मंडी के समीप से चोरी हुई बाइक, सुबह युवक के साथ मिली; लोगों ने की धुनाई।

सब्जी मंडी के समीप से चोरी हुई बाइक, सुबह युवक के साथ मिली; लोगों ने की धुनाई।
(माचाड़ीअलवर):-राजगढ़- राजगढ़ कस्बे में बाइक चोरी का मामला सामने आया है। कस्बे की सब्जी मंडी के समीप से गत देर रात चोरी हुई बाइक को बाइक मालिक ने सोमवार सुबह एक युवक के कब्जे से बरामद कर लिया। युवक को बाइक ले जाते हुए देखकर लोगों ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई और आक्रोशित लोगों ने युवक की धुनाई कर दी। सूचना मिलने पर राजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ थाने ले गई।
बाइक मालिक समीर सैनी ने बताया कि उसकी बाइक गत देर रात राजगढ़ कस्बे की सब्जी मंडी के समीप खड़ी थी, जहां से अज्ञात व्यक्ति उसे चोरी कर ले गया। बाइक चोरी होने का पता चलने पर उसने आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं लगा। सोमवार सुबह उसने एक युवक को अपनी बाइक ले जाते हुए देखा। बाइक पहचान में आने पर उसने युवक को रोककर पूछताछ की। आरोप है कि पूछताछ के दौरान युवक ने बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया।
इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को थाने ले गई। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है तथा क्षेत्र में हुई अन्य बाइक चोरी की वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

