सड़क हादसे में दो सगे भाई घायल एक की हालत गंभीर

अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से दो सगे भाई घायल, एक की हालत गंभीर
रामनगर, बाराबंकी। रामनगर क्षेत्र में शुक्रवार रात करीब सात बजे दुर्गा मैरिज लॉन के सामने सड़क हादसे में दो सगे भाई घायल हो गए। पीछे से आ रही एक अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में एक भाई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम मरौचा निवासी रत्नेश और दीपक पुत्र विनय नई हीरो होंडा मोटरसाइकिल से अपनी बहन के यहां ग्राम छेरिया जा रहे थे। इसी दौरान दुर्गा मैरिज लॉन के सामने पीछे से आ रही एक अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों भाई सड़क किनारे गिरकर घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी और घायलों के परिजनों को भी जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल एक भाई को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
खबर लिखे जाने तक टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन का पता नहीं चल सका था।

