सहारनपुर: तीतरो में श्रीरामलीला महोत्सव का भव्य शुभारंभ, विशाल चौधरी को श्रीराम दरबार भेंट कर किया सम्मानित


सहारनपुर जिले के तीतरो में श्री रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित श्रीरामलीला महोत्सव का शुभारंभ उत्साह और भक्तिमय वातावरण में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व विधायक स्वर्गीय डॉ. सुशील चौधरी के पुत्र विशाल चौधरी ने किया। इस अवसर पर कमेटी के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत करते हुए सम्मानित किया।
पटका पहनाकर और श्रीराम दरबार भेंट कर किया सम्मान
समारोह के दौरान श्री रामलीला कमेटी के प्रधान विनोद जैन ने विशाल चौधरी को पटका पहनाकर स्वागत किया। वहीं, कमेटी के पूर्व प्रधान एवं प्रबंधक पंडित रामकुमार पाराशर और सभासद राजेंद्र कश्यप ने उन्हें भगवान श्रीराम का दरबार भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विशाल चौधरी ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, धर्म, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों से माता-पिता का सम्मान करने, बड़ों का आदर करने, आपसी भाईचारा बनाए रखने और सत्य के मार्ग पर चलने की सीख मिलती है।
भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं का प्रतीक है रामलीला
विशाल चौधरी ने कहा कि रामलीला जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन भारतीय संस्कृति तथा सनातन परंपराओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके माध्यम से युवा पीढ़ी को भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र और आदर्शों को समझने का अवसर मिलता है।
उन्होंने सामाजिक सद्भाव, नैतिक मूल्यों और धार्मिक चेतना को मजबूत करने में ऐसे आयोजनों के महत्व पर भी जोर दिया।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद
कार्यक्रम में श्री रामलीला कमेटी के प्रधान विनोद जैन, पूर्व प्रधान एवं प्रबंधक पंडित रामकुमार पाराशर, सभासद राजेंद्र कश्यप, संरक्षक चौधरी तेज सिंह, स्टेज इंचार्ज सुनील रावल, चौधरी कपिल और मास्टर सनी सिंह देशवाल सहित कमेटी के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि रामलीला मंचन का उद्देश्य भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र के माध्यम से समाज में धार्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों और सामाजिक एकता को बढ़ावा देना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से रामलीला में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।
गंगोह ब्लॉक रिपोर्टर संजय शर्मा के सहयोग से, नीटू भारद्वाज की रिपोर्ट।

