शीश के दानी खाटू श्याम जी के जन्मोत्सव पर फतेहपुर से निकली भव्य निशान यात्रा, जयकारों से गूंजा नगर


शीश के दानी खाटू श्याम जी के जन्मोत्सव पर फतेहपुर से निकली भव्य निशान यात्रा, जयकारों से गूंजा नगर
फतेहपुर (बाराबंकी)। शीश के दानी बाबा खाटू श्याम जी के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर फतेहपुर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। श्री शक्ति धाम महादेव तालाब फतेहपुर से भव्य निशान यात्रा एवं शोभायात्रा का शुभारंभ किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा श्याम के जयकारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुए।
निशान यात्रा श्री शक्ति धाम महादेव तालाब से प्रारंभ होकर महावीर मार्ग होते हुए सट्टी बाजार चौराहा पहुंची। इसके बाद शोभायात्रा ने पूरे फतेहपुर नगर का भ्रमण किया और खाटू श्याम मंदिर स्थित जारकबीर, निकट बन्नी सुलेमाबाद के लिए प्रस्थान किया।
यात्रा में ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। हाथों में रंग-बिरंगे ध्वज एवं निशान लेकर चल रहे भक्तों ने जय श्री श्याम के जयकारों से पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया। जगह-जगह बाबा श्याम के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखने को मिला।
शोभायात्रा के दौरान स्थानीय पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। फतेहपुर पुलिस के साथ इंस्पेक्टर अमित सिंह स्वयं शोभायात्रा की अगुवाई करते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रहे। पुलिस की मौजूदगी में शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी।
बाबा खाटू श्याम जी के जन्मोत्सव पर निकाली गई इस भव्य निशान यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने बाबा के चरणों में निशान अर्पित कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा। जय श्री श्याम!

