श्रीविहारी जू मंदिर में कार्तिक व्रती महिलाओं को वितरित किए फल, राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी ने मोहा मन*


*इच्छा नवमी पर महिलाओं ने निकाली नगर परिक्रमा, पुष्प वर्षा कर किया स्वागत*
टोड़ी फतेहपुर। कार्तिक मास का कठिन व्रत को कार्तिक स्नान करने वाली महिलाओं ने इच्छा नवमी के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ आंवले के वृक्ष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने आंवले के वृक्ष की परिक्रमा करने के बाद नगर परिक्रमा शुरू की। नगर के विभिन्न मोहल्लों से होते हुए महिलाओं ने पारंपरिक रूप से नगर घेरा की परंपरा का निर्वहन किया। इस दौरान पूरा नगर भक्तिमय माहौल में नजर आया।
नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद कुशवाहा की ओर से नगर के मोहल्ला तलापुरा स्थित श्रीविहारी जू मंदिर परिसर में कार्तिक स्नान करने वाली महिलाओं के लिए फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष ने पुष्प वर्षा कर महिलाओं का स्वागत किया। मुख्य सड़क से लेकर मंदिर परिसर तक जमीन पर कालीन बिछा कर उसपर फूल बिछाए गए थे। उन्हीं फूलों पर से गुजरते हुए कार्तिक व्रती महिलाएं अपने आराध्य ठाकुर श्रीविहारी जू के मंदिर पहुंचीं और भगवान के मनोहारी दर्शन कर भावविभोर हो कर खूब नृत्य कर अपनी श्रद्धा प्रकट की।
कार्यक्रम में राधा-कृष्ण के स्वरूप में सजी छोटी बच्चियां रौनक साहू एवं नैना कुशवाहा आकर्षण का केंद्र रहीं। उनके साथ सखियों ने भी मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया, राधा-कृष्ण के स्वरूप नगर परिक्रमा के दौरान भी कार्तिक स्नान करने वाली महिलाओं के साथ रहे।अंत मे महिलाओं द्वारा चाचर(मोनिया)खेल खेला इसके उपरांत महिलाओं ने नागा संत गोपालदास जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर श्रीविहारी जू महाराज का सतीश पाठक द्वारा फूलों से भव्य एवं मनोहारी श्रृंगार किया गया था। मंदिर के पुजारी वीरेंद्र तिवारी ने बताया कि श्रीविहारी जू मंदिर के प्रति क्षेत्र के लोगों की गहरी आस्था है। मंदिर में नित्य धार्मिक आयोजन होते रहते हैं, जिनमें श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। इच्छा नवमी पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम ने नगर में भक्ति और उत्साह का वातावरण बना दिया।
*तहसील टहरौली ब्यूरो चीप मुकेश कुशवाहा की खास रिपोर्ट*

