Sat, 21 Nov 20269:14 PM
Sat, Nov 21, 2026Updated 9:14 PM IST
होम › उत्तर प्रदेश

सीतापुर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार सिधौली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को मिली बड़ी सफलता, तमंचा, कारतूस, मोबाइल और नकदी बरामद सीतापुर। जन

WhatsAppFacebookX

सीतापुर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

सिधौली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को मिली बड़ी सफलता, तमंचा, कारतूस, मोबाइल और नकदी बरामद

सीतापुर। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सिधौली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर अपराधी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओमकार पुत्र छुटकन्ने निवासी कुम्हारनपुरवा, थाना बिसवां, जनपद सीतापुर के रूप में हुई है। आरोपी थाना सिधौली में दर्ज चोरी और नकबजनी के दो मुकदमों में वांछित चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, संयुक्त टीम ने थाना सिधौली क्षेत्र के कोनी घाट के पास कार्रवाई करते हुए आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसके कब्जे से 8 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की एक प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त शातिर एवं अभ्यस्त अपराधी है। उसके विरुद्ध चोरी, नकबजनी, सेंधमारी, महिला संबंधी अपराध, गैंगस्टर एक्ट और अवैध शस्त्र रखने सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में करीब दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसका आपराधिक इतिहास सीतापुर, लखनऊ और बाराबंकी जनपदों के विभिन्न थानों से जुड़ा हुआ है।

गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना सिधौली में मु0अ0सं0 133/2026 एवं मु0अ0सं0 165/2026 धारा 305(ए), 317(2) और 331(4) बीएनएस के तहत मुकदमे पंजीकृत हैं। पुलिस द्वारा आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई को सिधौली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। रिपोर्टर आसिफ खान वंदे भारत