Tue, 17 Nov 20265:12 PM
Tue, Nov 17, 2026Updated 5:12 PM IST
होम › उत्तर प्रदेश

सकीट पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

WhatsAppFacebookX

सकीट (एटा)। सकीट थाना पुलिस, थाना साइबर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी के जरिए साइबर अपराध करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से अलग-अलग बैंकों के 31 एटीएम कार्ड, 12 सिम कार्ड, पांच मोबाइल फोन, चार आधार कार्ड, चार पैन कार्ड और 19,530 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा एक होंडा सिटी कार भी बरामद हुई है, जिसे आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने पर सीज कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर की शाम सकीट-औंछा रोड पर चेकिंग के दौरान एक सफेद होंडा सिटी कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार तीन युवकों के पास से बड़ी संख्या में बैंक कार्ड, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज मिले। पूछताछ में ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी से जुड़े साइबर अपराध का मामला सामने आया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्कर्ष वर्मा उर्फ यशु निवासी एटा, रोहित शाक्य और नितिन निवासी औंछा, मैनपुरी के रूप में हुई है।

बैंक खाते उपलब्ध कराने के नाम पर देते थे कमीशन

पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी उत्कर्ष वर्मा के बारे में सामने आया कि वह करीब डेढ़ साल से दिल्ली निवासी तरुण के संपर्क में था। आरोप है कि वह लोगों को एक महीने के लिए बैंक खाता उपलब्ध कराने के बदले 5 से 10 हजार रुपये देने का लालच देता था। इसके बाद खाताधारकों से बैंक खाते, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और पासबुक हासिल करता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अब तक करीब 60 बैंक खाते जुटा चुका था।

इन खातों के माध्यम से होने वाले लेनदेन पर उसे 10 से 30 प्रतिशत तक कमीशन मिलता था। इस काम में रोहित और नितिन भी सहयोग करते थे, जिन्हें उत्कर्ष 5 से 10 प्रतिशत तक कमीशन देता था।

84 ई-मेल आईडी और करोड़ों के लेनदेन के साक्ष्य मिले

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी के मोबाइल फोन में 84 अलग-अलग ई-मेल आईडी के लॉगिन मिले हैं। मोबाइल में महादेव ट्रेडर्स नामक बैंक खाते का स्टेटमेंट भी मिला, जिसमें करोड़ों रुपये का संदिग्ध लेनदेन सामने आया है। इसके अलावा BOUNUS GROUP RANA11 YASHU नाम के व्हाट्सऐप ग्रुप में पैसों के लेनदेन से संबंधित चैट भी मिली हैं। पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित कर उनकी जांच शुरू कर दी है।

पूछताछ में आरोपी ने ऑनलाइन कैसीनो, क्रिकेट, फुटबॉल और Aviator गेम के जरिए सट्टेबाजी कराने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पिछले डेढ़ साल में करीब 8.5 करोड़ रुपये अपने कथित संचालक तक पहुंचाने और आईपीएल मैचों के दौरान लगभग दो करोड़ रुपये का लाभ होने की बात भी बताई है। इन दावों और धनराशि के वास्तविक स्रोत की जांच की जा रही है।

छह साइबर शिकायतों में 1.24 लाख रुपये का मामला सामने आया

प्रारंभिक जांच में आरोपियों से संबंधित बैंक खातों के खिलाफ बिहार, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों से छह साइबर शिकायतें मिली हैं। इन शिकायतों में करीब 1,24,970 रुपये की धनराशि संबंधित है।

एसएसपी डॉ. इलामारन के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध सच्चिदानंद और क्षेत्राधिकारी साइबर नीतीश गर्ग के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मधु दुबे ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई की।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सकीट में मुकदमा संख्या 180/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66डी में मुकदमा दर्ज किया है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और बैंक खातों के माध्यम से हुए लेनदेन की जांच जारी है।

पुलिस की अपील: एटा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कमीशन के लालच में किसी को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड या पासबुक न दें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।