सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद राजस्व सेविका पर गिरी गाज, डीएम ने किया निलंबित

एटा। सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने के बाद तहसील सदर में तैनात राजस्व सेविका लक्ष्मी देवी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सरकारी कार्य के बदले अनुचित लाभ लेने और ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोपों के चलते जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली के अनुमोदन के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया है।
निलंबन आदेश के अनुसार, उप जिलाधिकारी सदर ने 31 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजकर मामले में विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की थी। रिपोर्ट में सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और राजस्व सेविका पर लगे आरोपों का उल्लेख किया गया था।
जिलाधिकारी ने 12 नवंबर 2026 को निलंबन की कार्रवाई को मंजूरी दी। इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक आचरण नियमावली के तहत निलंबन का आदेश जारी किया गया। निलंबन अवधि के दौरान लक्ष्मी देवी को कलेक्ट्रेट स्थित ई-गवर्नेंस कार्यालय से संबद्ध किया गया है।
मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उप जिलाधिकारी सदर रविन्द्र सिंह को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें वीडियो और उससे जुड़े आरोपों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपों की पुष्टि होने के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी।

