Wed, 18 Nov 202611:12 AM
Wed, Nov 18, 2026Updated 11:12 AM IST
होम › राजस्थान

सरकारी नाले पर भूमाफियाओं का कब्जा! शिकायतों के बावजूद नगर निगम मौन, आखिर कब होगी कार्रवाई?

WhatsAppFacebookX

News video GIF

सरकारी नाले पर भूमाफियाओं का कब्जा! शिकायतों के बावजूद नगर निगम मौन, आखिर कब होगी कार्रवाई?

जयपुर। जगतपुरा जोन नगर निगम क्षेत्र के खो नागोरियान स्थित मदीना नगर में चाचा की चार दुकानों के पास सरकारी नाले पर कथित रूप से भूमाफियाओं द्वारा कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सरकारी नाले की जमीन पर धीरे-धीरे अतिक्रमण किया जा रहा है, लेकिन बार-बार शिकायत देने के बावजूद नगर निगम अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब सरकारी नाले की जमीन पर ही कब्जा कर रास्ते बंद कर दिए जाएंगे, तो बारिश के पानी की निकासी कैसे होगी? अगर नाले को बंद कर दिया गया तो आसपास की कॉलोनियों में जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो सकती है। इसका खामियाजा आखिरकार आम जनता को ही भुगतना पड़ेगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी नाले की जमीन पर कथित कब्जे और जमीन के लेन-देन की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। कई बार शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं होना नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।

जनता के नगर निगम अधिकारियों से सीधे सवाल:

– सरकारी नाले पर हो रहे कथित अतिक्रमण पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
– बार-बार शिकायत देने के बावजूद अधिकारी मौके पर निरीक्षण करने क्यों नहीं पहुंचे?
– क्या सरकारी नाले की जमीन का सीमांकन करवाया जाएगा?
– आखिर किसकी मिलीभगत से सरकारी जमीन पर कब्जे के आरोप लग रहे हैं?

अब जनता मांग कर रही है कि नगर निगम जगतपुरा जोन के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचकर सरकारी नाले की जांच करवाएं, अवैध अतिक्रमण हटाएं और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करें, ताकि भविष्य में पानी की निकासी का रास्ता बंद न हो।

सरकारी जमीन जनता की संपत्ति है, किसी भूमाफिया की निजी जागीर नहीं।