स्वच्छता में उज्जैन का राष्ट्रीय स्तर पर डंका, राष्ट्रपति ने दिया प्रथम पुरस्कार

उज्जैन ने स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में उज्जैन को देश में प्रथम पुरस्कार मिला है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यह सम्मान प्रदान किया। मंदिरों के फूलों से अगरबत्ती-धूपबत्ती, पुराने कपड़ों से पेपर बैग और निर्माण मलबे से पेवर ब्लॉक बनाने जैसे नवाचारों ने उज्जैन को यह उपलब्धि दिलाई।
इस उपलब्धि के बाद जनप्रतिनिधियों ने श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर स्वच्छता कर्मचारियों का स्वागत और सम्मान किया। सभी ने भगवान महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान स्वच्छता कर्मचारियों की मेहनत और नगर निगम के प्रयासों की सराहना की गई।
कार्यक्रम में सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ जी, निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति कलावती यादव और विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा मौजूद रहे।

