उदयपुर में पहली बार होगा अद्भुत ‘पंच शतावधान प्रयोग’, मुनिराज दिव्यप्रसन्नकीर्तिसागर जी एक साथ 500 प्रश्नों के देंगे सटीक उत्तर

उदयपुर में पहली बार होगा अद्भुत ‘पंच शतावधान प्रयोग’, मुनिराज दिव्यप्रसन्नकीर्तिसागर जी एक साथ 500 प्रश्नों के देंगे सटीक उत्तर
उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर में पहली बार भारतीय आध्यात्मिक परंपरा और मानवीय मस्तिष्क की विलक्षण क्षमता का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। श्री जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक जिनालय समिति, हिरण मगरी सेक्टर-4 के तत्वावधान में आगामी 15 नवंबर, रविवार को ऐतिहासिक ‘पंच शतावधान प्रयोग’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। टाउन हॉल स्थित मोहनलाल सुखाड़िया रंगमंच पर प्रातः 8.15 बजे से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में महाशतावधानी मुनिराज श्री दिव्यप्रसन्नकीर्तिसागर जी महाराज अपनी असाधारण स्मरण शक्ति और विलक्षण साधना का प्रदर्शन करेंगे।
समिति अध्यक्ष सुशील बांठिया ने बताया कि आयोजन में योगनिष्ठाचार्य पूज्य आचार्य भगवंत श्री बुद्धिसागर सूरीश्वरजी महाराज समुदाय के महाशतावधानी मुनिराज श्री दिव्यप्रसन्नकीर्तिसागर जी महाराज एक साथ 500 प्रश्नों, वस्तुओं एवं विभिन्न प्रसंगों को स्मरण रखकर उनका निर्धारित क्रम में सटीक उत्तर देने की अद्भुत क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
क्या है पंच शतावधान प्रयोग?
मंत्री अशोक नागौरी ने बताया कि शतावधान का अर्थ एक साथ 100 अलग-अलग वस्तुओं, प्रश्नों अथवा प्रसंगों को क्रमबद्ध रूप से स्मरण रखना और पूछे जाने पर उनका सही उत्तर देना है। इसी क्षमता का पांच गुना स्वरूप पंच शतावधान कहलाता है, जिसमें साधक एक ही समय में 500 प्रश्नों, वस्तुओं और प्रसंगों को याद रखकर उनका यथाक्रम उत्तर प्रस्तुत करता है।
यह विलक्षण प्रयोग असाधारण स्मरण शक्ति के साथ एकाग्रता, ध्यान, मानसिक अनुशासन और वर्षों की साधना का अद्भुत उदाहरण है। इस तरह का प्रदर्शन आमजन को यह समझने का अवसर देगा कि निरंतर अभ्यास, आत्मसंयम और साधना से मानवीय मस्तिष्क की क्षमताओं को किस स्तर तक विकसित किया जा सकता है।
जैन समाज ही नहीं, पूरे शहर के लिए गौरव का अवसर
उपाध्यक्ष उत्सवलाल जगावत ने बताया कि उदयपुर में पहली बार होने जा रहा यह आयोजन जैन समाज के साथ-साथ पूरे मेवाड़ और प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। भारतीय ज्ञान परंपरा, आध्यात्मिक साधना और विलक्षण बौद्धिक क्षमता को प्रत्यक्ष देखने का यह दुर्लभ अवसर होगा।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष सुशील कुमार बांठिया, उपाध्यक्ष उत्सवलाल जगावत, मंत्री अशोक नागौरी, कोषाध्यक्ष ईश्वर लाल मेहता,उपमंत्री चन्द्रसिंह मेहता,सीए सुधीर मेहता,प्रमोद जैन,भव्येश गांधी,अतुल जैन,पंचम जैन,दिनेश पटवा,दिनेश कोठारी सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्यों ने नगर के प्रबुद्धजनों, धर्मप्रेमियों एवं श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बनने का आह्वान किया है।

