वृक्षारोपण के नाम पर लगाए गए पेड़ कहां गए? लोहे की जालियां किस काम आईं? वृक्षारोपण के खर्च का हिसाब दो! पेड़ गायब, जालियां और खंभे भी उखाड़े गए; सार्वजनिक निर्माण विभाग की कार्यप

वृक्षारोपण के नाम पर लगाए गए पेड़ कहां गए? लोहे की जालियां किस काम आईं? वृक्षारोपण के खर्च का हिसाब दो!
पेड़ गायब, जालियां और खंभे भी उखाड़े गए; सार्वजनिक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल
पुसद | जिला प्रतिनिधि शेख महेबूब
पुसद शहर में पर्यावरण संरक्षण के नाम पर वृक्षारोपण तो किया गया, लेकिन लगाए गए पेड़ आज कहां हैं? उनकी सुरक्षा के लिए लगाई गई लोहे की जालियां और खंभे किस काम आए? वृक्षारोपण पर खर्च की गई सरकारी निधि का हिसाब आखिर कौन देगा? ऐसे कई गंभीर सवाल अब शहर में उठने लगे हैं।
बी.एन. इंजीनियरिंग कॉलेज बस स्टैंड से लेकर छत्रपति शिवाजी महाराज चौक और आगे पी.एन. कॉलेज तक के मार्ग पर लगभग दो वर्ष पूर्व सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से वृक्षारोपण किया गया था। उस समय लगाए गए पौधों की सुरक्षा के लिए लोहे की जालियां और खंभे भी लगाए गए थे। लेकिन आज स्थिति यह है कि उन पेड़ों का अस्तित्व ही दिखाई नहीं दे रहा है।
नागरिकों का आरोप है कि पेड़ों के सूखने अथवा गायब होने के बाद उनकी सुरक्षा के लिए लगाए गए लोहे के खंभे और जालियां भी निकाल ली गई हैं। आखिर पेड़ किसने गायब किए? उनकी देखभाल किसने की? और इस पूरे मामले की जांच कितनी बार की गई? इन सवालों का जवाब संबंधित विभाग के पास है या नहीं, यह भी स्पष्ट नहीं है।
बहुजन मुक्ति पार्टी के यवतमाल-वाशिम लोकसभा अध्यक्ष विनोद मुधाने ने इस मामले को उठाते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जीवित पेड़ों का संरक्षण करने और सूखे पेड़ों की जगह नए पौधे लगाने के बजाय, उनकी सुरक्षा के लिए लगाए गए लोहे के खंभे और जालियां निकालने की जल्दबाजी क्यों की गई?
उन्होंने सवाल उठाया कि इस वृक्षारोपण पर आखिर कितनी राशि खर्च हुई? कितने पौधे लगाए गए? लोहे की जालियां और खंभे खरीदने में कितनी सरकारी निधि खर्च की गई? यह निधि विभाग की थी या विधायक-सांसद निधि से खर्च की गई थी? निकाली गई सामग्री आखिर कहां जमा की गई?
केवल फोटो खिंचवाना नहीं, पेड़ों को जीवित रखना भी प्रशासन की जिम्मेदारी!
वृक्षारोपण केवल फोटो खिंचवाने और खर्च का हिसाब दिखाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि लगाए गए पौधों को सुरक्षित रखकर उनका संवर्धन करना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है।
सार्वजनिक निर्माण विभाग को इस पूरे मामले में खर्च का विस्तृत विवरण, पेड़ों की वर्तमान स्थिति की रिपोर्ट तथा लोहे की जालियां और खंभे निकालने के कारण सार्वजनिक करने चाहिए।
अन्यथा वृक्षारोपण के नाम पर खर्च की गई सरकारी राशि पर नागरिकों द्वारा सवाल उठना स्वाभाविक है। ऐसा इशारा बहुजन मुक्ति पार्टी के यवतमाल-वाशिम लोकसभा अध्यक्ष विनोद मुधाने ने दिया है।

