सिंग्रामपुर में गेहूं उपार्जन केंद्रों का हुआ शुभारंभ, किसानों को मिलेगी बड़ी राहत

satendra kumar vishwakarma

सिंग्रामपुर /// आज सिंग्रामपुर क्षेत्र में गेहूं उपार्जन कार्य की शुरुआत करते हुए उपार्जन केंद्र सिंग्रामपुर (केंद्र क्रमांक 01) एवं पौड़ी उपार्जन केंद्र (केंद्र क्रमांक 02) का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। उद्घाटन कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि रुपेश सेन, रानू नामदेव, गोलू साहू, अजय राय, भगवानदास यादव, खड़क सिंह, प्रमोद धनगर, विजय राय, हेमराज साहू, मुलामचंद जैन, शिवचरण साहू सहित समिति प्रबंधक वीरेंद्र शुक्ला उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और किसानों से संवाद करते हुए उन्हें शासन की गेहूं उपार्जन योजना की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए अपने गेहूं का विक्रय उपार्जन केंद्रों पर करें, जिससे उन्हें उचित समर्थन मूल्य का लाभ मिल सके। उपस्थित अतिथियों ने कहा कि इन उपार्जन केंद्रों के प्रारंभ होने से क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी। यह पहल किसानों की आर्थिक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय किसानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। किसानों ने शासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं के लिए आभार व्यक्त किया और केंद्रों के सुचारू संचालन की अपेक्षा जताई। समिति प्रबंधक वीरेंद्र शुक्ला ने बताया कि उपार्जन केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Share This Article
Leave a Comment