Wed, 11 Nov 20267:14 PM
Wed, Nov 11, 2026Updated 7:14 PM IST
होम › उत्तर प्रदेश

युवाओं ने दिया आस्था और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

WhatsAppFacebookX

बदायूं में युवा मंच संगठनश्री भगवा सेना के द्वारा चलाई जा रही ‘सनातन सम्मान’ मुहिम ने नैतिक पंडित एवं अविरल सिंह पदाधिकारी के नेतृत्व में पकड़ा जोर, धार्मिक अवशेषों का विधिवत सम्मानजनक निस्तारण कर युवाओं ने दिया आस्था और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

धार्मिक आस्था के सम्मान के साथ जल प्रदूषण रोकने की पहल, युवा मंच संगठन एवं श्री भगवा सेना ने जन-जन को मुहिम से जुड़ने की अपील की

बदायूं, 11 नवंबर 2026।

धार्मिक आस्था, सनातन संस्कृति के सम्मान एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से युवा मंच संगठन एवं श्री भगवा सेना द्वारा संचालित ‘सनातन सम्मान’ मुहिम निरंतर गति पकड़ रही है। इसी क्रम में बुधवार को संगठन के पदाधिकारियों एवं युवाओं ने बदायूं शहर के विभिन्न स्थानों से खंडित देवी-देवताओं की मूर्तियां, धार्मिक पोस्टर, कैलेंडर, शादी के कार्ड एवं अन्य धार्मिक अवशेष एकत्रित कर सम्मानजनक निस्तारण की पहल की।

संगठन के पदाधिकारी नैतिक पंडित एवं अविरल सिंह के नेतृत्व में युवाओं ने एकत्रित धार्मिक सामग्री को सोत नदी के किनारे निर्धारित स्थान पर गड्ढा खोदकर धरती मां की गोद में सम्मानपूर्वक समाहित किया। इसके उपरांत हवन-पूजन कर धार्मिक विधि-विधान के साथ कार्यक्रम संपन्न किया गया। हवन के उपरांत बची हुई राख को खेतों में छिड़का गया। संगठन की इस पहल का उद्देश्य धार्मिक प्रतीकों के प्रति श्रद्धा बनाए रखने के साथ-साथ नदियों एवं सार्वजनिक स्थानों को प्रदूषण से बचाने के लिए समाज में जागरूकता उत्पन्न करना है।

इस अवसर पर युवा मंच संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष ध्रुव देव गुप्ता ने कहा कि सनातन धर्म केवल पूजा-पद्धति ही नहीं, बल्कि संस्कार, संस्कृति, प्रकृति के प्रति सम्मान और जीवन में नैतिकता का संदेश भी देता है। देवी-देवताओं की खंडित मूर्तियां, धार्मिक पोस्टर, कैलेंडर एवं पूजन सामग्री जब उपयोग के योग्य नहीं रह जाती, तब उनका सम्मानजनक निस्तारण करना प्रत्येक सनातनी का नैतिक दायित्व है।

उन्होंने कहा कि अक्सर धार्मिक आस्था से जुड़ी सामग्री को मां गंगा सहित अन्य नदियों में प्रवाहित कर दिया जाता है अथवा कूड़े-कचरे में फेंक दिया जाता है। इससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने के साथ-साथ जल एवं पर्यावरण प्रदूषण की समस्या भी उत्पन्न होती है। ऐसे में ‘सनातन सम्मान’ मुहिम के माध्यम से संगठन समाज में एक सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास कर रहा है।

ध्रुव देव गुप्ता ने कहा कि “हमारी धार्मिक आस्था और हमारी प्रकृति दोनों ही पूजनीय हैं। हमें अपनी धार्मिक परंपराओं का पालन करते हुए पर्यावरण की रक्षा भी करनी चाहिए। सनातन सम्मान मुहिम का उद्देश्य किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं, बल्कि धार्मिक अवशेषों के प्रति श्रद्धा बनाए रखते हुए उनके उचित एवं सम्मानजनक निस्तारण की व्यवस्था विकसित करना है। जब समाज स्वयं अपनी जिम्मेदारी समझेगा, तभी धार्मिक संस्कृति में व्याप्त ऐसी कुरीतियों को समाप्त करने की दिशा में सार्थक कदम बढ़ेंगे।”

उन्होंने जनसामान्य से अपील करते हुए कहा कि बदायूं सहित पूरे जनपद के सनातनी समाज के लोग इस मुहिम से जुड़ें और अपने घरों में रखी अनुपयोगी धार्मिक सामग्री को नदियों में प्रवाहित करने अथवा कूड़े में फेंकने के बजाय सम्मानजनक तरीके से निस्तारित करने की परंपरा अपनाएं। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता ही इस अभियान की सबसे बड़ी शक्ति है।

मांग पत्र पर सकारात्मक पहल, बदायूं में निर्धारित स्थान उपलब्ध कराने का आश्वासन

इस दौरान लक्ष्य गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि एक दिन पूर्व युवा मंच संगठन एवं श्री भगवा सेना के नेतृत्व में दर्जनों युवाओं ने बदायूं नगर विधायक माननीय महेश चंद्र गुप्ता जी के पुत्र एवं भाजपा जिला मंत्री श्री विश्वजीत गुप्ता जी को ‘सनातन सम्मान’ मुहिम के अंतर्गत मांग पत्र सौंपा था।

मांग पत्र के माध्यम से बदायूं शहर में धार्मिक अवशेषों के सम्मानजनक निस्तारण हेतु एक निर्धारित स्थान उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया था। लक्ष्य गुप्ता ने बताया कि श्री विश्वजीत गुप्ता जी ने मांग का संज्ञान लेते हुए जल्द ही शहर में एक स्थान सुनिश्चित कर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

इस व्यवस्था के माध्यम से सनातनी समाज के लोग खंडित देवी-देवताओं की मूर्तियां, धार्मिक पोस्टर, कैलेंडर, शादी के कार्ड एवं अन्य धार्मिक सामग्री एक निर्धारित स्थान पर जमा कर सकेंगे। इसके बाद संगठन के युवाओं द्वारा उचित व्यवस्था के अंतर्गत जेसीबी के माध्यम से गड्ढा खोदकर धार्मिक अवशेषों को सम्मानपूर्वक धरती में समाहित किया जाएगा। इससे शहर में धार्मिक सामग्री को इधर-उधर फेंकने की समस्या पर अंकुश लगाने तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बल मिलने की उम्मीद है।

युवाओं ने लिया मुहिम को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प

‘सनातन सम्मान’ मुहिम को धरातल पर उतारने एवं इसे व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से संगठन के युवाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और अधिक से अधिक लोगों को धार्मिक आस्था के सम्मान एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।

इस अवसर पर युवा मंच संगठन के बरेली मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्य गुप्ता, नैतिक पंडित, अविरल सिंह, अंश शर्मा, अंशु पंडित, अमन यादव, शिव शर्मा, आदित्य सोलंकी, उत्कर्ष सोलंकी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं युवा उपस्थित रहे।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि ‘सनातन सम्मान’ मुहिम समाज में धार्मिक संस्कारों, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। संगठन का संकल्प है कि इस अभियान को बदायूं शहर से आगे बढ़ाकर व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाया जाए, जिससे प्रत्येक सनातनी अपनी धार्मिक आस्था के सम्मान के साथ प्रकृति संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभा सके।

जन-जन की सहभागिता, धार्मिक आस्था का सम्मान और पर्यावरण संरक्षण ही ‘सनातन सम्मान’ मुहिम का मूल उद्देश्य है।