अनूपपुर जिले के जैतहरी ब्लॉक स्थित पड़रिया गांव में बिजली की समस्या से लोग परेशान हैं। वार्ड 17 में लंबे समय से कम वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। यहां बल्ब भी ठीक से नहीं जलते।
.
ग्रामीण राम प्रसाद चर्मकार ने बताया कि बिजली का बिल नियमित रूप से आता है। लेकिन घरों में टीवी और पंखे नहीं चलते। बच्चों को दिए की रोशनी में पढ़ाई करनी पड़ती है। लोग अपनी बेटियों की शादी इस गांव में करने से कतराते हैं।
गांव की सड़कें खराब हालत में हैं। बरसात में गांव का बाहरी दुनिया से संपर्क टूट जाता है। कीचड़ और फिसलन से लोगों का आना-जाना मुश्किल होता है। कई ग्रामीण सांप के काटने से घायल हो चुके हैं।
बिजली बिलों की कॉपी दिखाते ग्रामीण।
मेडिकल इमरजेंसी में मरीजों को अस्पताल ले जाना मुश्किल होता है। ग्रामीण दो दशक से इन समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कई बार शिकायत की गई। लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
JE बोले- जानकारी में नहीं
जैतहरी में विद्युत कंपनी के जूनियर इंजीनियर रामकिशोर गुप्ता का कहना है कि उन्हें इस समस्या की जानकारी नहीं है। उन्होंने जल्द ही समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया है।