Homeउत्तर प्रदेशअयोध्या में 22वां अंतर कृषि विश्वविद्यालयी खेलकूद महोत्सव: 57 विश्वविद्यालयों के...

अयोध्या में 22वां अंतर कृषि विश्वविद्यालयी खेलकूद महोत्सव: 57 विश्वविद्यालयों के 2300 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा, लुधियाना ने जीते दो मैच – Ayodhya News


अयोध्या5 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, अयोध्या में 22वां अखिल भारतीय अंतर कृषि विश्वविद्यालयी खेलकूद महोत्सव का आयोजन शुरू हो गया है। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई क्रीड़ा परिसर में हो रही इस प्रतियोगिता में देश के 57 कृषि विश्वविद्यालयों से 2300 खिलाड़ी और कोच भाग ले रहे हैं।

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। गर्मी और उमस को देखते हुए खेल सुबह 6 बजे से 10 बजे तक होगा और शाम 5 से रात 10 बजे तक आयोजित किए जा रहे हैं।

पहले दिन के मुकाबलों में कई रोचक मैच खेले गए। बास्केटबॉल में लुधियाना ने गुंतूर को 52-22 से हराया। महिला बास्केटबॉल में लुधियाना ने पंतनगर को 14-3 से मात दी। मेरठ ने दंतेवाड़ा को 34-3 से पराजित किया। खो-खो में दुर्गा को दिल्ली के खिलाफ वॉकओवर मिला और कबड्डी में बरेली ने धारवाड़ को हराया।

बैडमिंटन में 40 विश्वविद्यालयों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। पुरुष वर्ग में वेस्ट गोदावरी ने बासु पटना को, जबकि महिला वर्ग में हैदराबाद ने अकोला को हराया। इस खेल में 26 विश्वविद्यालयों की महिला टीमें भी भाग ले रही हैं। बैडमिंटन खेल के विश्वविद्यालय के चेयरमैन बनाए गए डॉ रमेश प्रताप सिंह ने कहा कि महिला और पुरुष खिलाड़ियों द्वारा अच्छा प्रदर्शन किया जा रहा है पुरुष के अपेक्षा महिला खिलाड़ी रोमांचक मुकाबला देखने को मिल रहा है।

खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल और विश्वविद्यालय की सुरक्षा टीम तैनात है। मेडिकल सुविधाओं के लिए डॉक्टर नमिता जोशी के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मी सुधीर सिंह, धीरेंद्र सिंह खेल स्थल पर मौजूद हैं। कुलपति डॉ. विजेंद्र कुमार सिंह प्रतियोगिता की निगरानी कर रहे हैं। यह खेल महोत्सव 5 मई तक चलेगा। चल रहे खेल प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, रेस समेत अन्य खेल खेले जा रहे हैं। प्रथम द्वितीय तृतीय स्थान पाने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version