अहमदाबाद प्लेन क्रैश में जान गंवाने वाली हरप्रीत पति का जन्मदिन मनाने लंदन जा रही थीं।
अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया प्लेन क्रैश हादसे में इंदौर की हरप्रीत कौर होरा की भी जान चली गई। इंदौर में राजमोहल्ला की रहने वाली हरप्रीत (30) मायके अहमदाबाद से लंदन जा रही थीं। उनका सीट नंबर 22 ई था।
.
गुरुवार को हुए इस हादसे में अब तक 265 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। इनमें से 241 मृतक विमान में सवार पैसेंजर्स और क्रू मेंबर्स थे। 5 मृतक उस मेडिकल हॉस्टल के हैं, जहां प्लेन क्रैश हुआ था।
विमान जिस बीजे मेडिकल कॉलेज हॉस्टल पर गिरा, वहां 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे। हालांकि, अभी यह क्लियर नहीं हुआ है कि हॉस्टल में कितनी मौतें हुई हैं। 4 MBBS छात्र और एक डॉक्टर की पत्नी के मारे जाने की खबर आ रही है।
16 जून को पति का जन्मदिन मनाने के लिए जा रही थी राजमोहल्ला में रहने वाले होरा परिवार की बहू हरप्रीत, अपने पति रॉबी होरा से मिलने लंदन जा रही थीं। रॉबी के चाचा राजेंद्र सिंह होरा ने बताया- रॉबी लंदन से आज इंदौर पहुंच रहे हैं और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ आज शाम अहमदाबाद जाएंगे।
हरप्रीत का मायका अहमदाबाद में है। वह लंदन जाने से पहले यहां अपने पिता से मिलने आई थीं। पहले उनका टिकट 19 जून के लिए बुक था, लेकिन 16 जून को पति का जन्मदिन होने की वजह से उन्होंने आखिरी समय में गुरुवार की फ्लाइट ली, जो हादसे का शिकार हो गई।
पैसेंजर की लिस्ट में 65वें नंबर पर हरप्रीत का नाम है।
बेंगलुरु की आईटी कंपनी में काम करती थी रॉबी होरा के जीजा मनप्रीत छाबड़ा ने कहा, ‘हरप्रीत दिसंबर में आखिरी बार इंदौर आई थी। वह बेंगलुरु की एक आईटी कंपनी में जॉब करती थी जबकि रॉबी लंदन की आईटी कंपनी में क्लाउड आर्किटेक्ट हैं। उनकी शादी 2020 में हुई थी। बच्चे नहीं हैं।’
ससुर हरजीत ने बताया कि फैमिली के वॉट्सएप ग्रुप पर परिवार वालों ने हरप्रीत को सफर के लिए शुभकामनाएं दी थीं। टीवी के जरिए कल दोपहर में हादसे की जानकारी लगी।
हरप्रीत बेंगलुरु में रहती थी। पति रॉबी लंदन में नौकरी करते हैं।
सिर्फ एक पैसेंजर की बच पाई जान एअर इंडिया की बोइंग 787 ड्रीमलाइनर फ्लाइट AI-171 ने गुरुवार दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरी थी। इसमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक समेत कुल 230 यात्री सवार थे। दो मिनट बाद ही फ्लाइट क्रैश हो गई।
इनमें 103 पुरुष, 114 महिलाएं, 11 बच्चे और 2 नवजात थे। बाकी 12 क्रू मेंबर्स थे। मृतकों में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी शामिल हैं, जबकि सिर्फ एक यात्री की जान बची है।
अहमदाबाद एयरपोर्ट का CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें टेकऑफ के 49वें सेकेंड में प्लेन क्रैश होता दिखा।
अहमदाबाद प्लेन क्रैश से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…
विमान हादसा-DNA सैंपलिंग शुरू; PM मोदी ने घटनास्थल का दौरा किया, घायलों से भी मिले
अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश में अब तक 265 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। इनमें से 241 मृतक विमान में सवार पैसेंजर्स और क्रू मेंबर्स थे। 5 मृतक उस मेडिकल हॉस्टल के हैं, जहां प्लेन क्रैश हुआ था। पीएम मोदी शुक्रवार सुबह अहमदाबाद पहुंचे। सबसे पहले वे घटनास्थल का दौरा करने पहुंचे। इसके बाद वे सिविल अस्पताल गए, जहां वे करीब 10 मिनट पीड़ितों से मिले। पढे़ं पूरी खबर…