नंदकुमार| एटा2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
एटा जिले के सकीट थाना क्षेत्र के ग्राम बहलोलपुर में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट के साथ फायरिंग भी हुई। इस घटना में तीन लोग घायल हुए, जिनमें एक को गोली लगी।
घटना बाहलोलपुर निवासी दफेदार और मुनेन्द्र के बीच हुई। दफेदार को गोली लगने से घायल होने के साथ, आकाश कुमार और मुनेन्द्र भी मारपीट में घायल हुए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को पहले सीएचसी सकीट ले जाया गया। वहां से उन्हें एटा स्थित वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
दफेदार के बेटे अखिलेश का कहना है कि मुनेन्द्र और धीरेन्द्र उनके खेत से जबरन मिट्टी उठा रहे थे। विरोध करने पर उन्होंने लाठी-डंडों से हमला कर दिया और अवैध तमंचे से फायरिंग कर दी।
दूसरे पक्ष से घायल मुनेन्द्र का आरोप है कि दफेदार के पक्ष ने उनकी दादी से फर्जी दस्तावेज बनवा लिया है। जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। विरोध करने पर उन्होंने घर में घुसकर हमला किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गोली से घायल व्यक्ति की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।