मुस्लिम समाज के लोगों के साथ बैठक करते नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा
मुस्लिम समाज के लोग ईद-उल-अजहा (बकरीद) की तैयारियों में जुट गए हैं। हर साल की तरह धूमधाम से त्योहार मनाया जाएगा और शहर की सभी छोटी-बड़ी मस्जिदों में नमाज अदा की जाएगी। वहीं नगर निगम भी बकरीद की तैयारियों में जुट गया है।
.
जिले में परंपरागत तरीके से त्योहार मनाया जाएगा। खुले में कुर्बानी नहीं की जाएगी और कुर्बानी के तुरंत बाद ही कुर्बानी के पशु के अपशिष्टों का निस्तारण किया जाएगा। अपशिष्टों को नगर निगम के कूड़ेदान में ही फेंका जाएगा और विभाग की गाड़ियां तत्काल इसे हटाकर इसका निस्तारण करेंगे। जिससे अन्य समुदाय को परेशानी न हो।
मुस्लिम समाज के साथ हुई अधिकारियों की बैठक
नगर निगम की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा और अपर नगर आयुक्त राकेश कुमार यादव ने ईदगाह कमेटी, ऊपरकोट जामा मस्जिद और अन्य मस्जिदों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें मुस्लिम समाज के लोगों को आश्वासन दिया गया है कि उनके त्योहार के दौरान साफ सफाई की व्यवस्था पूरी तरह से चौकस रहेगी।
वहीं अधिकारियों ने मौजिज लोगों से अपील की है कि कुर्बानी के सारे काम बंद जगह पर किए जाएं। कुर्बानी के बाद निकलने वाला खून और जानवरों के अपशिष्ट को खुले में न फेंका जाए और न ही नालियों में बहाया जाए। इसका तरीके से निस्तारण किया जाए और नगर निगम की गाड़ियों में ही इसे डाला जाए। जिसके बाद मुस्लिम समाज ने प्रशासन का पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया है।
अपशिष्ट फेंकने के लिए बनेंगे प्वाइंट
नगर आयुक्त ने बताया कि पशुओं के अपशिष्ट फेंकने के लिए शहर के 100 स्थानों पर प्वाइंट बनाए जाएंगे। कुर्बानी के बाद अपशिष्टों को यहीं पर फेंका जाए। कुर्बानी के अपशिष्टों को उठाने के लिए टीमें लगातार काम करेंगे और राउंड द क्लाक कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है।
अपशिष्टों को उठाने के लिए 30 वाहन लगाए गए हैं। इसमें 4 मैकेनिकल लोडर, 6 जेसीबी, 4 टाटा टिपर, 2 मिनी रोबर्ट, 3 डंपर प्रेसर व 90 टाटा टिपर की व्यवस्था की गर्इ है। बकरीद के दौरान 24 घंटे टीमें मूवमेंट में रहेंगी और साफ-सफाई की व्यवस्था संभालेंगी। जिससे अन्य समाज के लोगों को दिक्कत न हो।
ईदगाह और मस्जिद के पास रहेंगी अतिरक्त टीमें
अधिकारियों ने बताया कि परंपरागत नमाज को देखते हुए इस बार नगर निगम जामा मस्जिद ऊपरकोट, शाहजमाल ईदगाह, जीवनगढ़ ईदगाह, जमालपुर ईदगाह के साथ-साथ सभी छोटी बड़ी मस्जिदों के आस पास विशेष व्यवस्था रखेगा। तीन दिनों तक होने वाली कुर्बानी को ध्यान में रखते हुए लगातार सफाई की विशेष व्यवस्था, अपशिष्टों को उठाने, पेयजल टैंकर और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराई जाएगी।
बैठक में मुस्लिम समाज के लोगों के साथ मुख्य अभियंता सुरेश चंद, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मुकेश कुमार, पशु कल्याण अधिकारी डॉ राजेश वर्मा, मीडिया सहायक एहसान रब, अवर अभियंता नरेंद्र सिंह मौजूद रहे।