गुमला जिले के रायडीह थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
.
यह दुर्घटना गुमला-छत्तीसगढ़ मेन रोड पर बकसपुर गांव के पास रात लगभग 10 बजे हुई। जब एक तेज रफ्तार पिकअप और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे में क्षतिग्रस्त बाइक
बाइक सवार मौके पर मारा गया
हादसे में बाइक सवार 35 वर्षीय सत्यम शिवम की मौके पर ही मौत हो गई। वह नवागढ़ पतरा टोली गांव का रहने वाला था। बाइक पर उसके साथ रायडीह निवासी आजम खान भी सवार था, जो गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने उसे तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए रांची स्थित रिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया।
टक्कर के बाद पिकअप वाहन सड़क से करीब 30 मीटर दूर घसीटता हुआ एक गड्ढे में जा गिरा। पिकअप में एक ही परिवार के चार सदस्य घायल हो गए।
इनमें 48 वर्षीय मरियम कुल्लू, 25 वर्षीय अलवीना सुरीन, तीन वर्षीय बच्ची निशा सुरीन और 35 वर्षीय निमंती सुरीन शामिल हैं। ये सभी बसिया थाना क्षेत्र के निवासी हैं और छत्तीसगढ़ के घोलेंगे गांव में एक शादी समारोह से लौट रहे थे।
हादसे के बाद पिकअप 30 मीटर दूर चला गया
पिकअप में थे 20 लोग सवार
पिकअप में कुल 20 लोग सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में मारे गए मृतक सत्यम और घायल आजम गुमला शहर के एसएस हाई स्कूल रोड स्थित मां शाकंबरी ट्रेडर्स में कार्यरत थे। शुक्रवार की रात ड्यूटी समाप्त कर बाइक से घर लौट रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही रायडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सदर अस्पताल गुमला पहुंचाया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।