गोरखपुर4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
गोरखपुर के शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणि उद्यान में बर्ड फ्लू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। बाघिन मैलानी समेत चार जानवरों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। मैलानी को क्वारंटीन सेंटर में रखा गया है। 13 वर्षीय बाघिन की आंखों की रोशनी कमजोर हो गई है। वह भोजन भी कम कर रही है।
भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च पशु रोग संस्थान की 23 मई की रिपोर्ट में चार जानवरों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। इनमें बाघिन मैलानी, बलरामपुर से लाए गए दो तेंदुए के शावक, हिमालयन गिद्ध और कॉकाटील शामिल हैं। तेंदुए के शावक अभी छोटे हैं। मां से अलग होने के कारण इनका प्रतिरोधक तंत्र कमजोर है।
चिड़ियाघर में पिछले डेढ़ महीने में पांच जानवरों की मौत हो चुकी है। इनमें बाघ केसरी, मादा भेड़िया भैरवी, बाघिन शक्ति और तेंदुआ मोना शामिल हैं। कानपुर भेजे गए शेर पटौदी की भी बर्ड फ्लू से मौत हुई है।
सभी संक्रमित जानवरों के दोबारा सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे। पहली रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद दूसरी बार पुष्टि की जाएगी। इसके बाद ही इन्हें क्वारंटीन सेंटर से बाड़े में शिफ्ट किया जाएगा। संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए चिड़ियाघर को बंद कर दिया गया है। निदेशक विकास यादव के अनुसार, संक्रमित जानवरों पर विशेष निगरानी की जा रही है।