गोरखपुर के लिंक एक्सप्रेसवे पर बुधवार बाइक सवार बदमाशों ने एक कार सवार युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में युवक के पैर में गोली लगी, जिससे वह लहूलुहान हो गया।
.
वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची बेलघाट थाना पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया और जांच शुरू कर दी है।
तीन बदमाशों ने किया हमला, तीन राउंड फायरिंग
बेलघाट के रहने वाले विशाल सिंह अपने तीन साथियों के साथ कार से सिकरीगंज गए थे। वहां से लौटते समय जैसे ही उनकी कार लिंक एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 34 के पास पहुंची, तभी पीछे से आई बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर कार को रोकने की कोशिश की। कार के न रुकने पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
तीन गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक गोली कार के आगे के दरवाजे को छेदते हुए विशाल सिंह के दाहिने पैर में जा लगी। गोली लगते ही विशाल दर्द से तड़पने लगे और कार में सवार अन्य लोग घबरा गए। बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद तेजी से फरार हो गए।
पुलिस जांच में जुटी
कार सवार अन्य लोगों ने तुरंत विशाल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेलघाट पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही बेलघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस बदमाशों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए CCTV फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फायरिंग की वजह आपसी रंजिश हो सकती है, हालांकि, अन्य एंगल से भी मामले की जांच की जा रही है।
पहले भी हो चुकी हैं वारदातें
लिंक एक्सप्रेसवे पर इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। हाल के दिनों में हाईवे पर लूट और फायरिंग की कई घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस गश्त बढ़ाने का दावा करती है, लेकिन बदमाशों के हौसले बुलंद हैं।
इस घटना के बाद एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल, पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।