मनु कुमार सिंह | प्रतापगढ़6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
उत्तर प्रदेश के दिलीपपुर के नौहर हुसैनपुर में बुधवार देर शाम विकास कार्यों में भ्रष्टाचार की शिकायत को लेकर ग्राम प्रधान और बीडीसी सदस्य के समर्थकों के बीच खूनी संघर्ष हुआ। दोनों पक्षों के बीच लाठी-कुल्हाड़ी से हमला और फायरिंग हुई।
ग्राम प्रधान भारत सिंह पर बीडीसी सदस्य प्रमोद सिंह ने मनरेगा में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। इसके अलावा लेनदेन को लेकर भी विवाद चल रहा था। तकादे को लेकर हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया।
ग्राम प्रधान पक्ष से सात लोग घायल हुए। इनमें सुरेंद्र प्रताप सिंह (45) और रोहित सिंह (20) को छर्रे लगे। प्रतिमा सिंह, पूनम सिंह, नितीश सिंह, मोनू और नागेंद्र भी घायल हुए। बीडीसी सदस्य के पक्ष से विनोद सिंह, अजय सिंह, कमला सिंह, पुनीता और शारदा सिंह घायल हुए। विनोद सिंह को पैर में गोली लगी।
सूचना मिलते ही सीओ सिटी शिवनारायण वैश नगर कोतवाली पुलिस और कई चौकी इंचार्ज के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंचे। घायलों का इलाज करवाया गया। सीओ के अनुसार अभी तक किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।
एक माह पहले भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इस मामले में केस दर्ज किया गया था। कुछ आरोपियों का नाम राजनीतिक दबाव में हटाए जाने का आरोप है, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ा था।