छतरपुर जिला अस्पताल में मरीजों को गर्मी से राहत दिलाने वाले एसी और पंखे बंद पड़े हैं। रविवार सुबह 11 बजे शहर का तापमान 35 डिग्री था। बर्न वार्ड में तेज गर्मी और उमस के कारण मरीजों की हालत खराब हो रही है।
.
मरीजों के परिजन बाजार से महंगे दामों में पंखे खरीदकर ला रहे हैं। कुछ लोग तौलिये और एक्स-रे के लिफाफों से मरीजों को हवा कर रहे हैं। इसका वीडियो भी सामने आया है।
बर्न वार्ड में परिजनों ने खरीदा 1230 रुपए का पंखा धमोरा के रहने वाले 13 महीने के लोकेंद्र रैकवार को 4 दिन पहले गर्म दूध से जलने पर भर्ती किया गया। तेज गर्मी में बच्चे के रोने पर परिजनों को 1 हजार 230 रुपए का पंखा खरीदना पड़ा।
गर्मी के कारण और बिगड़ रही हालत देरी रोड निवासी अरविंद चौरसिया ने बताया कि उनकी मां पेट दर्द से पीड़ित हैं। अस्पताल में व्यवस्था खराब होने के कारण घर से पंखा लाना पड़ा। बरेठी की माया ने बताया कि उनकी बीमार मां की हालत गर्मी के कारण और बिगड़ रही है।
CMHO नहीं दे रहे जवाब इस मामले में सीएमएचओ आरपी गुप्ता से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। वर्तमान में शहर का तापमान 41 डिग्री के पार पहुंच गया है, लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।