रांची, 11 नवंबर 2024 – झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले फेज के लिए प्रचार का शोर थम गया है। 13 नवंबर को पहले चरण में 43 सीटों के लिए मतदान होगा। मुख्य मुकाबला एनडीए और इंडिया ब्लॉक के बीच माना जा रहा है, लेकिन इस बार सुर्खियों में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) भी है।
जेएलकेएम प्रमुख जयराम महतो खुद डुमरी और बेरमो सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं, जिससे उनकी पार्टी पर लोगों का ध्यान अधिक केंद्रित हो गया है। पार्टी प्रवक्ता विजय सिंह ने दावा किया है कि उनकी पार्टी इस चुनाव में किंग मेकर की भूमिका निभाएगी।
करकेंद में जयराम महतो की सभा, झारखंड में बदलाव का आह्वान
सोमवार को धनबाद के करकेंद में पार्टी अध्यक्ष जयराम महतो ने पार्टी प्रत्याशी सपन मोदक के समर्थन में एक जनसभा की। नेहरू उद्यान में आयोजित इस सभा में महतो ने राज्य की मौजूदा नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा, “झारखंड में संसाधनों की कमी नहीं है, कमी केवल नीयत की है। अब तक सभी ने झारखंड को केवल लूटने का काम किया है। जनता को इस बार बदलाव के लिए वोट करना चाहिए।”
महतो ने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो वे केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा सुनिश्चित करेंगे। इसके अलावा उन्होंने विधायकों की पेंशन बंद करने का वादा भी किया। महतो ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी से चुने गए विधायकों को दूसरे जिलों में जमीन खरीदने की अनुमति नहीं होगी, और ऐसा करने वालों को अगली बार पार्टी का टिकट नहीं मिलेगा।
जेएलकेएम का यह आक्रामक रुख और सुधारवादी घोषणाएं झारखंड की राजनीति में नया मोड़ ला सकती हैं।