प्रयागराज7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
हम सितारा नाम की लड़की को नहीं जानते, हम तो इतने गरीब है कि घर में मोबाइल तक नहीं है। अमन 2 महीने से गुजरात में है, वो वहां टैक्सटाइल फैक्ट्री में काम करता है। हमारे बेटे पर लगे आरोप गलत हैं, उसका कोई लव अफेयर नहीं है।
ये कहना है प्रयागराज की उस मां का, जिसके बेटे पर ससुराल छोड़कर भागने वाली दुल्हन का बॉयफ्रेंड होने का आरोप लगा है। मां का कहना है कि बेटे का उससे कोई संबंध नहीं। हालांकि गांव के लोग कुछ अलग ही कहानी बयां कर रहे हैं। उनका कहना है कि जिस रात दुल्हन भागी, उस रात करीब 2 बजे अमन एक लड़की के साथ दिखा था। अब 4 दिन से उसका पता नहीं हैं।
जिस वक्त हम मेजा में सितारा के बॉयफ्रेंड की मां से हालात समझ रहे थे, यहां से 42 Km दूर नैनी की एडीए कॉलोनी में रहने वाले दूल्हे के लापता होने की सूचना मिली। कप्तान निषाद के परिवार के मुताबिक, आखिरी बार उन्होंने कप्तान को 23 जून की रात में देखा था, सुबह परिवार को वह कमरे में नहीं मिला।
पहले उन्हें लगा कि वह परेशान था, अपने किसी दोस्त के घर चला गया होगा। मगर वह बुधवार शाम तक नहीं लौटा, उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ था। अब परिवार ने पुलिस से मदद मांगी है। पढ़िए पूरी रिपोर्ट…
दैनिक भास्कर के रिपोर्टर बॉयफ्रेंड अमन के घर पहुंचे। उसका मकान छप्पर का है, जिसमें दो चारपाइयां पड़ी हैं।
अमन की मां का दावा- हमारा सितारा से कोई रिश्ता नहीं
कप्तान के परिवार ने हमें बताया कि सितारा का बॉयफ्रेंड प्रयागराज से 50 किमी दूर मेजा के कोना गांव में रहता है। नैनी के रास्ते हम मेजा पहुंचे। यहां एक संकरे रास्ते से होते हुए कोना गांव में अमन के घर पहुंचे। उसका मकान छप्पर का है, जिसमें दो चारपाइयां पड़ी हैं। उस वक्त घर में कोई नहीं था। थोड़ी देर बाद एक महिला आईं। उन्होंने बताया कि वह अमन की मां प्रेमा देवी हैं।
हमने पूछा- अमन कहां है? प्रेमा देवी ने कहा- वो यहां नहीं है, गुजरात में है। हमने पूछा- गुजारा कैसे होता है? उन्होंने कहा- मेरे पति रमेश मजदूरी करते हैं। जैसे-तैसे रुपए जोड़ पर दो कमरे पक्के बनाए हैं, उस पर सीमेंट की टीनशेड ही डाल सके हैं।
लकड़ी के चूल्हे में खाना बनाना पड़ता है। बड़ी मुश्किल से अमन को इंटर की पढ़ाई गांव में कराकर नैनी में बीए की पढ़ाई के लिए भेजा। इसके बाद अमन ने अपनी मौसी के लड़के संतोष के साथ आईटीआई किया। अब बेटा 2 महीने से गुजरात की टेक्सटाइल्स कंपनी में प्राइवेट नौकरी करता है।
प्रेमा देवी से उसके बेटे की करतूत बताई तो वह बिना असहज हुए सधे हुए अंदाज में बोली- हमारा सितारा से कोई रिश्ता नहीं, हम उसे नहीं जानते। हमने कहा कि अपने बेटे से मोबाइल पर बात करवा दीजिए। प्रेमा देवी ने कहा- वो तो रात 9 बजे खाली होगा। अभी फैक्ट्री में होगा। नंबर मांगने पर उन्होंने कहा कि वो हम नहीं दे सकते हैं।
पड़ोसी सुशीला ने कहा- वो लड़की सितारा झूठ बोल रही इसी घर के आंगन में ही सुशीला देवी भी मिलीं। वह पड़ोस में रहती हैं, उन्होंने कहा- अमन बहुत सीधा-साधा लड़का है। पढ़ने में होशियार है। गांव के ही लड़कों को पढ़ता भी था। फिर वो दूसरे शहर चला गया, उसको कभी किसी लड़की के साथ नहीं देखा।
हमें लगता है कि उसको फंसाया जा रहा है। वो लड़की सितारा झूठ बोल रही है। हमारा बच्चा अपने मौसेरे भाई संतोष के जरिए कप्तान को जानता था। ये सितारा कहां से आरोप लगा रही है। इसका जवाब संतोष दे सकता है।
परिवार ने अमन और सितारा को लेकर जो बताया, उसको लेकर ग्रामीणों से बात की, पढ़िए क्या हकीकत सामने आई…
गांव के लोगों ने बताया- अमन 3 दिन पहले गांव में ही था गांव के लोगों की बातचीत से सामने आया कि कोना गांव की ज्यादातर आबादी निषाद है। बस्ती में सिर्फ 2 ही परिवार ब्राह्मण जाति के हैं। बस्ती से बाहर एक चाय की दुकान पर कुछ लोग मिले। हमने उन्हें अमन की तस्वीर दिखाई। उन्होंने जो कुछ बताया, उससे अमन के परिवार की बातें बिल्कुल अलग थीं।
बिना कैमरे पर आए एक ग्रामीण बताते हैं- अमन 3 दिन से गांव में नहीं दिखा, इससे पहले वह गांव में ही था। जिस रात दुल्हन सितारा के भागने की बात कही जा रही है। उस रात अमन मेजा रोड पर रात के 2 बजे किसी लड़की के साथ देखा गया था। उसके बाद वह 4 दिन से लापता है। दूल्हा-दुल्हन विवाद के सामने आने के बाद अमन को गांव से बाहर भेज दिया गया।
ये कच्ची पगडंडी अमन के घर तक आती है, परिवार बेहद गरीब है। घर की रसोई में भी खाने-पीने की वस्तुएं नहीं थीं।
दुल्हन सितारा के भाई बोले- हम केस दर्ज कराएंगे इस मामले में दुल्हन सितारा के परिवार के लोग अब खुलकर कहने लगे हैं कि हम कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। भाई गोविंद निषाद कहते हैं- हमे बहन सितारा के ससुराल से चले जाने की जानकारी मिली थी। इसके बाद करछना पुलिस को उसके लापता होने की शिकायत दी थी।
लेकिन पुलिस आज तक हमारे घर में पूछताछ के लिए नहीं आई। अब जब हमारी बहन घर आ गई है। इसलिए अब कानूनी लड़ाई लड़ने के अलावा कोई चारा नहीं है। गोविंद ने कहा- कप्तान और उसके परिवार ने हमारे साथ बहुत गलत किया है। समाज में मुंह दिखाने लायक भी नहीं छोड़ा है।
इस पूरे मामले में करछना इंस्पेक्टर अनूप सरोज कहते हैं- 3 जून को गोविंद निषाद नाम के व्यक्ति ने एक शिकायत थाने पर दी थी। अगर वो लोग दहेज प्रताड़ना की शिकायत करते हैं, तो उसकी भी जांच कराई जाएगी। पुलिस परिवार की पूरी मदद करेगी।
पिता ने कहा- कप्तान नौकरी नहीं करता था, फिर भी 16 लाख खर्च किए सितारा के पिता लक्ष्मी नारायण निषाद ने बताया- बेटी की शादी से पहले कप्तान के परिवार की जो भी इच्छाएं थीं, सब कुछ पूरी की गई। लड़के के पास नौकरी नहीं थी, फिर भी 16 लाख रुपए खर्च किए। अब आप सोचिए कि शादी के बाद बाप को पता चले कि उसकी बेटी को पहली ही रात में पीटा गया, तो कैसा लगेगा।
मेरी बेटी ने फोन करके कहा- कप्तान पहले से शादीशुदा है, उसकी एक मोटी सी दिखने वाली बीवी है, एक बच्चा भी है। इन्हीं मुद्दों पर थाने तक दोनों परिवार पहुंचे। हमने बेटी के दबाव में सुलह समझौता भी किया। मगर अब क्या समझौता करेंगे, जब कप्तान ने हमारी बेटी को छोड़ ही दिया।
ये सितारा की मेहंदी रस्म के दौरान की तस्वीरें हैं। जोकि परिवार ने ही दैनिक भास्कर को मुहैया करवाई हैं।
अब सुहागरात से शुरू हुई पूरी कहानी को स्टेप बाई स्टेप समझिए…
दूल्हे ने कहा- वो घूंघट में चाकू लिए बैठी थी अब हमने दूल्हे कप्तान निषाद से बात की। कप्तान ने कहा- सितारा से शादी हुई तो मेरी खुशी का ठिकाना नहीं था। लेकिन रात में जब दुल्हन के कमरे में पहुंचा, तो वह घूंघट में हाथ में चाकू लिए बैठी थी।
नजदीक गया तो बोली कि टच मत करना, मैं अमन की अमानत हूं। मैं चौंक गया, पीछे हट गया। वह पूरी रात बेड पर बैठी रही और मैं कमरे में सोफे पर जान बचाए बैठा रहा। समझ ही नहीं आया कि करना क्या है? आप समझिए मेरी 3 रात ऐसी ही बीती हैं, किसी से कह भी नहीं सकता था।
मेरी रातें बहुत लंबी हो गई थीं, अखबारों में कई केस पढ़ चूका था, जहां बीवियां अपने ही पति को मार डालती हैं। मुझे लगता था कि सोया तो कहीं ये मुझे भी न मार डाले। वो तो आधी रात के बाद सो जाती थी, मगर मैं जगता रहता था। जब भी हमारी बात होती, वो यही कहती कि मैं अमन के साथ ही रहूंगी, चाहे जो कर लो।
हमने पूछा- क्या सितारा के परिवार वाले उसे नहीं समझाते थे। कप्तान ने कहा- नहीं ऐसा नहीं है, जब पूरा मामला खुला तब वो लोग भी उसको बहुत समझाते थे। मगर वो जिद पर अड़ी हुई थी। मैं इतना डर गया हूं कि लगता है कि वो लौटी तो शायद मैं भी जिंदा बन बचू।
अब पढ़िए दुल्हन ने क्या कुछ बताया…
सुहागरात पर दूल्हे को 35 टुकड़ों में काट देने की धमकी देने वाली दुल्हन सितारा से दैनिक भास्कर ने बात की। उसने बताया कि 30 अप्रैल को विदा होकर ससुराल पहुंची। रात में मुझे कप्तान के कमरे में भेजा गया। वो शराब के नशे में था। उसने पहले अपने अफेयर के बारे में बताया। एक लड़की की तस्वीर दिखाकर कहा कि ये मेरी बीवी है। मेरी 7 साल की एक बेटी भी है।
जब मैंने कहा कि मेरी भी एक लड़के से बात होती थी। तब उसने मुझे पीटा, पूरी रात कमरे में एक कोने में बैठाए रखा। मुझे प्यासा रखा, बाथरूम का पानी पीने को मजबूर किया। मैं क्या करती? 3 रातों तक यह सब झेलती रही, फिर भागकर झूंसी में मौसी के घर पहुंच गई। 12 दिन वहीं पर छिपी रही। मुझे नहीं पता था कि पति कप्तान ऐसी कहानी गढ़ देगा।
सितारा कहती है, ये ठीक है कि शादी से पहले मेरा अफेयर था, लेकिन अब उस लड़के से बात नहीं होती। यही हकीकत है। अब जबकि कप्तान ने मुझे बदनाम कर ही दिया है, तो उसके खिलाफ केस करूंगी।
…………………..
यह भी पढ़ें :
सुहागरात पर दुल्हन बोली- टच किया तो 35 टुकड़े करूंगी: प्रयागराज में दीवार फांदकर भागी, दूल्हे से कहती- मैं दूसरे की अमानत
सोनम हत्याकांड के बाद प्रयागराज की एक दुल्हन सुर्खियों में है। उस दुल्हन ने सुहागरात पर पति को चाकू दिखाकर धमकी दी- अगर मुझे टच भी किया, तो 35 टुकड़ों में मिलोगे। मैं किसी और की अमानत हूं…। इस धमकी के बाद दूल्हा डर की वजह से हनीमून पर नहीं गया। पढ़िए पूरी खबर…
सुहागरात पर दूल्हे को धमकी देने वाली दुल्हन का दर्द: पति पहले से शादीशुदा, उसकी पत्नी ने कहा- अगर टच किया तो मार दूंगी
सुहागरात पर दूल्हे को 35 टुकड़ों में काट देने की धमकी देने वाली दुल्हन सितारा को दैनिक भास्कर ने खोज लिया। पति कप्तान निषाद के आरोपों को खारिज करते हुए सितारा ने अपना दर्द बयां किया। कहने लगी- 30 अप्रैल को विदा होकर ससुराल पहुंची। रात में मुझे कप्तान के कमरे में भेजा गया। वो शराब के नशे में था। उसने पहले अपने अफेयर के बारे में बताया। एक लड़की की तस्वीर दिखाकर कहा कि ये मेरी बीवी है। मेरी 7 साल की एक बेटी भी है। पढ़िए पूरी खबर…