Homeझारखंडधनबाद कांग्रेस में बगावत: नेताओं के खिलाफ हवन और तेरहवीं का ऐलान

धनबाद कांग्रेस में बगावत: नेताओं के खिलाफ हवन और तेरहवीं का ऐलान

धनबाद: कांग्रेस पार्टी में बगावत की स्थिति उत्पन्न हो गई है। धनबाद जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष संतोष सिंह और कार्यकारी अध्यक्ष राशिद रजा के खिलाफ पार्टी के ही पूर्व यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनोज सिंह ने गांधी सेवा सदन में गांधी जी की प्रतिमा के सामने हवन कर उनके ‘भ्रष्ट आत्मा’ की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके साथ ही, उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अगले 12 दिनों में कांग्रेस आलाकमान ने इन दोनों को पदमुक्त नहीं किया, तो 13वें दिन उनकी तेरहवीं कर सामूहिक भोज का आयोजन किया जाएगा।

मनोज सिंह ने आरोप लगाया कि दोनों जिला अध्यक्षों ने धनबाद कांग्रेस कमिटी को कमजोर करने की साजिश रची है। उनका कहना है कि इनकी नकारात्मक कार्यशैली के कारण पार्टी को पिछले लोकसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। सिंह ने आरोप लगाया कि हाल ही में हुए प्रदेश अध्यक्ष कमलेश महतो के कार्यक्रम को विफल करने के लिए जानबूझकर ऐसा स्थान चुना गया जहां कार्यकर्ताओं की संख्या कम हो सके और कार्यक्रम में ऐसे लोगों को निमंत्रित किया गया जिनका इतिहास भ्रष्टाचार से जुड़ा है।

सिंह ने यह भी कहा कि जब पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के आवेदन मांगे, तो इन दोनों ने संगठन के लिए काम करने के बजाय खुद को प्रत्याशी के रूप में प्रस्तुत किया।

धनबाद में कांग्रेस की आंतरिक कलह और बढ़ती असंतोष की इस स्थिति ने पार्टी के भीतर एक नई जटिलता पैदा कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version