कुंदन के सिर पर तीन जगह चाकू के वार के निशान मिले हैं। पुलिस ने उसे स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है।
गोड्डा जिले के पौड़याहाट थाना क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमला हुआ है। मोटरसाइकिल से जा रहे कुंदन ठाकुर और नितेश ठाकुर पर लुतीपाथर जंगल के पास हमला किया गया। घटना बीती रात्रि करीब 7 बजे की है।
.
नितेश ठाकुर के मुताबिक, वे दोनों गोड्डा से मोटरसाइकिल ट्रांसफर कराकर लौट रहे थे। लूतीपाथर में नाना के घर से खाना खाने के बाद रघुनाथपुर जा रहे थे। बरगद पेड़ के पास जंगल से अजीत ठाकुर और उसके जीजा कमलेश निकले। उन्होंने चलती बाइक पर कुंदन के सिर पर वार कर दिया।
घटनास्थल से 100 मीटर दूर जंगल में बेहोश हालत में पाया गया
हमले में दोनों युवक गिर पड़े। नितेश मौके से भागने में सफल रहा और उसने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। स्थानीय लोगों और परिजनों ने खोजबीन की। करीब एक घंटे बाद कुंदन को घटनास्थल से 100 मीटर दूर जंगल में बेहोशी की हालत में पाया गया।
कुंदन के सिर पर तीन जगह चाकू के वार के निशान मिले हैं। पुलिस ने उसे स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। नितेश ने बताया कि पहले भी कुंदन और अजीत के बीच विवाद हुआ था, जिसका थाने में समझौता हो गया था।
थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। विवाद के कारणों की जांच की जा रही है।