मनु कुमार सिंह | प्रतापगढ़2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
प्रतापगढ़ में किसानों को मिलेगी डिजिटल खेती।
प्रतापगढ़ के विकास खंड कुंडा के ग्राम ऐमा अस्भौ में कृषि संकल्प अभियान 2025 की शुरुआत हो गई है। जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार की अध्यक्षता में कृषक संगोष्ठी और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला कृषि अधिकारी ने कहा कि खेती में जलवायु परिवर्तन, सीमित भूमि संसाधन और श्रम की कमी प्रमुख चुनौतियां हैं। उन्होंने बताया कि कृषि क्षेत्र अब डेटा, ड्रोन और डिजिटल तकनीकों की ओर बढ़ रहा है।
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक नवीन कुमार सिंह और फार्म मैनेजर प्रदीप कुमार सिंह ने खरीफ फसलों की जानकारी दी। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और उन्नत बीजों से अवगत कराया गया। वैज्ञानिकों ने मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन और जल संरक्षण पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही जैविक खेती और फसल विविधिकरण अपनाने की सलाह दी।
बीज गोदाम प्रभारी कुमार गौरव ने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने एग्री स्टैक और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के बारे में बताया। पीएम फसल बीमा योजना और किसान क्रेडिट कार्ड की जानकारी भी साझा की। भूमि और बीज शोधन के महत्व को समझाते हुए किसानों से इन योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया।