राम चंद्र सैनी | फतेहपुर5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
बीनू रैदास (फाइल फोटो)।
फतेहपुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गाजीपुर थाना क्षेत्र के सामियाना गांव निवासी बीनू रैदास (27) की हत्या कर दी गई। बीनू अपनी पत्नी के चाचा उमेश रैदास के गांव पहाड़पुर रविवार शाम गया था। सोमवार को उसका शव पड़ोसी के घर के बाहर मिला।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार मौर्य के अनुसार, बीनू का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह रात में प्रेमिका से मिलने गया। इस दौरान लड़की के परिजनों ने दोनों को एक साथ देख लिया। परिजनों ने बीनू को पकड़कर उसकी पिटाई की। आरोपियों ने प्लास से उसके हाथ-पैर के नाखून नोच दिए और शरीर पर गर्म चिमटे से दागा।
मृतक के चचेरे ससुर उमेश चंद्र रैदास ने बताया कि गांव के सतेंद्र और अजय विश्वकर्मा ने परिवार के अन्य लोगों के साथ मिलकर दामाद की पिटाई की। बीनू पीओपी का काम करता था और दो बेटियों का पिता था।
ग्रामीणों के मुताबिक, सुबह जब बीनू घायल अवस्था में पड़ा था, तब उसकी सांसें चल रही थीं। समय पर अस्पताल ले जाते तो शायद उसकी जान बच सकती थी।
पुलिस ने मृतक के पिता कल्लू प्रसाद की शिकायत पर 6 नामजद और 2 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।