बैतूल में समाजवादी जन परिषद और श्रमिक आदिवासी संगठन ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अनूठी पहल की है। गुरुवार को पुराने कलेक्टर कार्यालय से हरियाली यात्रा निकाली गई। इसमें विभिन्न गांवों से सैकड़ों आदिवासी शामिल हुए।
.
यात्रा के दौरान लोगों से प्लास्टिक पन्नियों में फलों के बीज भरकर पौधे तैयार करने की अपील की गई। संगठन ने लोगों से गुठलियां और बीज जमा करने का आग्रह किया। इससे जिले को हरा-भरा बनाने में मदद मिलेगी।
संगठन के राजेन्द्र गढ़वाल ने कहा कि बढ़ते तापमान और जलवायु परिवर्तन से मानव जीवन प्रभावित हो रहा है। ठेकेदारों और अफसरों की मिलीभगत से जंगल, नदियां और पहाड़ों को नुकसान पहुंच रहा है। संगठन पिछले 15-20 वर्षों से गांवों की खाली जमीन पर फलदार पौधे लगा रहा है।
संयोजक अनुराग मोदी ने बताया कि 5 जून से 30 अगस्त तक हरियाली अभियान चलेगा। हरिजीरोती और विश्व आदिवासी दिवस के दौरान कांवड़ यात्राएं निकाली जाएंगी। लोगों को घरों के आंगन, खेत और गांव के खाली इलाकों में पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
संगठन ने प्रशासन से 5000 फलदार पौधे मांगे हैं। वे इन पौधों को मुफ्त में लगाने और देखभाल का काम करेंगे। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार और सस्ते देसी फल मिलेंगे। संगठन ने सभी नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से इस अभियान में सहयोग की अपील की है।
देखिए तस्वीरें…