मंडला जिले के ककैया गांव में सरपंच और उपसरपंच के बीच विवाद हो गया। एक सलून में महिला सरपंच ममता मरकाम ने उपसरपंच शिव प्रकाश ठाकुर को चप्पल से पीट दिया। इस घटना का वीडियो तेजी से फैल रहा है। घटना के समय सरपंच के पति फागू लाल भी मौजूद थे।
.
वीडियो में दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज होती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि सरपंच और उपसरपंच के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। सरपंच ने पहले भी उपसरपंच पर एट्रोसिटी और जाली हस्ताक्षर के आरोप लगाए हैं। उप सरपंच हाल ही में एक मामले में जमानत पर रिहा हुए हैं।
सरपंच के पति का कहना है कि गांव में चल रहे निर्माण कार्य पर उपसरपंच ने सरपंच के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। इस पर विरोध करने गए तो उप सरपंच ने गाली-गलौज और मारपीट की।
वहीं उप सरपंच का पक्ष है कि वह निर्माण स्थल पर मेटेरियल का सैंपल लेने गए थे। वहां बाहर के मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान सरपंच और उनके पति आकर झगड़ा करने लगे।
बम्हनी थाना प्रभारी अरुण प्रताप भदौरिया के अनुसार, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पति फागूलाल के साथ सरपंच ममता मरकाम।