नहर किनारे विलाप करते अनिकेत के माता-पिता।
यमुनानगर में सुबह नहर किनारे खेल रहा चौथी क्लास का बच्चा अचानक से लापता हो गया है, जिसके नहर में डूबने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और गोताखोर राजीव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। अभी
.
घटना सुबह साढ़े पांच बजे की है। बताया जा रहा है कि तीर्थ नगर डेहा बस्ती वासी 11 वर्षीय अनिकेत घर के पास में बहती यमुना नहर के नजदीक शौच के लिए गया था। इसी दौरान वहां पर वह नहर में पत्थर फेंक कर खेलने लगा और थोड़ी देर बाद लापता हो गया।
चौथी कक्षा का छात्र अनिकेत।
आखिरी बार क्रेन चालक ने देखा
काफी देर तक जब अनिकेत घर नहीं लौटा तो माता-पिता उसे खोजते नहर के पास आए। ऐसे में यहां क्रेन चला रहे एक व्यक्ति ने बताया कि उसने सुबह के समय एक बच्चे को नहर किनारे पानी में पत्थर मारते हुए देखा था। उसके बाद वह बच्चा कहां गया इस बारे पता नहीं।
परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस काे दी और गोताखोर राजीव को भी फोन कर मौके पर बुलाया। टीम के साथ पहुंचे गोताखोर ने नहर में तीन घंटे तक तलाश की लेकिन अनिकेत का कुछ पता नहीं चला। बच्चे के लापता होने से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
नहर में अनिकेत को तलाशते गोताखोर।
रोजाना खेलने आता था
अनिकेत के पिता संतू राम ने बताया कि उसके पास दो लड़के हैं। उसका छोटा बेटा 11 वर्षीय अनिकेत श्रीकृष्णा हाई स्कूल में चौथी कक्षा में पढ़ता है। वह रोजाना इधर खेलते आता है। आज सुबह हम घर पर ही थे जब वो घर से निकला था। एक घंटा बीत जाने पर भी जब वो घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश में नहर के पास आए।
यहां क्रेन पर काम कर रहे व्यक्ति ने बताया कि उसने सुबह के समय बच्चे को खेलते देखा था। अनिकेत के चाचा मंटू कुमार ने कहा कि नहर के किनारे ग्रिल न लगे होने के कारण अक्सर यहां घटनाएं होती रहती हैं। फिलहाल अनिकेत के डूबने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस को भी इस बारे सूचित कर दिया है।
तीन किलोमीटर तक किया सर्च
गोताखोर राजीव ने कहा कि सुबह सात बजे के करीब उनके पास बच्चे के लापता होने की सूचना आई थी। वे तुरंत मौके पर आए और नहर में उसकी तलाश शुरू कर दी। उन्होंने टीम के साथ दोपहर तक नहर में 3 किलोमीटर एरिया में तलाश कर ली है। अभी तक कुछ भी पता नहीं चल पाया है। वही नहर पर आगे पड़ने वाले हेड पर भी इसकी सूचना दे दी है।