कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत करते राजस्थान के आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक और यमुनानगर संगठन पर्यवेक्षक रफीक खान
राजस्थान के आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक और यमुनानगर संगठन पर्यवेक्षक रफीक खान सोमवार को यमुनानगर पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन अभियान के तहत कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की।
.
रफीक खान का यमुनानगर में एक सप्ताह का दौरा है, जिसमें वे जिले की चारों विधानसभाओं जगाधरी, यमुनानगर, रादौर और सढौर में कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और संगठन को नया रूप देने का कार्य करेंगे। वहीं जिलाध्यक्ष के लिए मेरिट का क्राइटेरिया भी तय किया जाएगा।
यमुनानगर पहुंचने पर यमुनानगर संगठन पर्यवेक्षक रफीक खान का स्वागत करते विधायकअकरम खान और विधायक रेणु बाला।
जिलाध्यक्ष चयन में होगी पारदर्शिता
जगाधरी स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्टहाउस में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरे देश में अपने संगठन को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर दिया कि जिलाध्यक्षों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उन्हें इतना मजबूत होना चाहिए कि वे अपने दम पर चुनाव लड़ सकें।
उन्होंने बताया कि ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने संगठन में कमजोरियों और मतभेदों को दूर करने के लिए स्टेट ऑब्जर्वर नियुक्त किए हैं। खान ने यमुनानगर में मजबूत कार्यकारिणी गठन पर बल देते हुए कहा कि जिलाध्यक्ष के चयन के लिए एक पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाऊस में आयोजित बैठक में भाग लेते कांग्रेस कार्यकर्ता।
35 से 55 वर्ष उमर तय, मेरिट के आधार पर सिलेक्शन
चारों विधानसभा क्षेत्रों के भौगोलिक, सामाजिक और जातिगत समीकरणों का अध्ययन किया जाएगा। मेरिट के आधार पर सिलेक्शन होगा, और किसी भी राजनीतिक दबाव को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि राहुल गांधी की मंशा है कि नया जिलाध्यक्ष युवा हो, जिसके लिए आयु सीमा 35 से 55 वर्ष तय की गई है।
हालांकि, असाधारण योग्यता वाले उम्मीदवारों के लिए मेरिट में छूट दी जा सकती है। खान ने कहा कि चयन प्रक्रिया में हर पहलू का गहन अध्ययन होगा। रफीक खान अगले एक सप्ताह तक यमुनानगर में रहकर सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जाकर कार्यकर्ताओं के विचारों को शामिल किया जाएगा, ताकि सर्वश्रेष्ठ उम्मीदवार का चयन हो सके।
भाजपा पर साधा निशान
इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा आज तक अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं चुन पाई, फिर भी वह कांग्रेस के संगठन की कमी की बात करती है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस का राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर संगठन मजबूत है, और जल्द ही जिला स्तर पर भी संगठन को और सशक्त किया जाएगा।
उन्होंने देश के मौजूदा राजनीतिक माहौल पर चिंता जताते हुए कहा कि लोकतंत्र और संविधान पर खतरा मंडरा रहा है। भाजपा के मंत्री सुप्रीम कोर्ट को ज्ञान दे रहे हें। अफसोस की बात है वाइस प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया जो खुद वकील रहे हैं वो सुप्रीम कोर्ट को अपना दायरा बताते हैं। तो ऐसा लगता है संविधान की हत्या हर पल हो रही है।
उन्होंने मंत्रियों और उपराष्ट्रपति द्वारा सुप्रीम कोर्ट को दी गई सलाह की आलोचना की और कहा कि कांग्रेस एक मजबूत संगठन बनाकर इन चुनौतियों का सामना करेगी। पहले चरण में जिलाध्यक्ष, फिर मंडल और ब्लॉक अध्यक्षों का चयन होगा, और पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करने की कोशिश होगी।
15 से 20 दिनों में होगा संगठन खड़ा
रफीक खान ने कहा कि अगले 15 से 20 दिनों में यमुनानगर में कांग्रेस का संगठन पूरी तरह खड़ा कर लिया जाएगा और जिले को नया अध्यक्ष मिलेगा। उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने में सहयोग देने की अपील की।
यमुनानगर पहुंचने पर जगाधरी विधायक अकरम खान और सढौरा विधायक रेणु बाला ने रफीक खान का स्वागत किया। इस अवसर पर कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता मौजूद रहे। यह अभियान यमुनानगर में कांग्रेस को नई ऊर्जा देने और संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।