गौतम बुद्ध नगर2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण ने मथुरा और आगरा में क्षेत्रीय कार्यालय खोलने का निर्णय लिया है। मथुरा में नगर निगम में कार्यालय के लिए स्थान चिह्नित कर लिया गया है। प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव को रखा जाएगा।
शासन ने दोनों शहरों में क्षेत्रीय कार्यालय खोलने की मंजूरी दे दी है। इसके लिए 261 पदों की स्वीकृति भी मिल चुकी है। प्रत्येक कार्यालय में एक एसीईओ, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार और अन्य कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी।
यह कदम फेज-2 मास्टर प्लान की मंजूरी के बाद उठाया गया है। फेज-2 में आगरा, मथुरा, अलीगढ़ और हाथरस के 923 गांवों को शामिल किया गया है। इस योजना में बांके बिहारी मंदिर को 6 लेन एक्सप्रेस-वे से जोड़ने का प्रस्ताव है। साथ ही दोनों ओर हेरिटेज कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा।
राया के पास एक नया शहर विकसित किया जाएगा। इसमें हेरिटेज पार्क और योग केंद्र जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी। फेज-2 में आगरा अर्बन एरिया 12,200 हेक्टेयर, टप्पल अर्बन एरिया 11,104 हेक्टेयर और राया अर्बन एरिया 11,653.76 हेक्टेयर में विकसित होगा। प्रस्ताव की मंजूरी के बाद जमीन अधिग्रहण का कार्य शुरू होगा।
डॉक्टर अरूणवीर सिंह, मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण ने बताया कि मथुरा और अलीगढ़ का फेस-दो का मास्टर प्लान मंजूर होने के बाद अब इसे विकसित करने के लिए अलग से अधिकारियों और कर्मचारियों की जरूरत होगी।
इसलिए मथुरा और आगरा में प्राधिकरण क्षेत्रीय कार्यालय खोलने का फैसला लिया है। क्षेत्रीय कार्यालय में तैनात अधिकारी मथुरा, अलीगढ और आगरा के विकास कार्यो का खाका ओर जमीन अधिग्रहण का प्रस्ताव तैयार करेंगे।