लखनऊ3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
लखनऊ की आशियाना पुलिस ने चेन स्नैचिंग की दो वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान शैलेन्द्र त्रिवेदी उर्फ जीतू त्रिवेदी और अर्पित वर्मा के रूप में हुई है। दोनों डेढ़ महीने पहले ही जेल से रिहा हुए थे। गैंग का सरगना अर्पित है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो सोने की चेन, एक मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। पहली वारदात 26 मार्च को आशियाना के सैनिक नगर में हुई, जहां शालिनी सिंह के गले से चेन छीनी गई थी।
महिला को धक्का देकर गिराया
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दोपहर 3:30 बजे मोटरसाइकिल से महिला की चेन छीनकर भाग रहे थे। गेट बंद होने के कारण वापस मुड़े, तभी पीड़िता ने शोर मचा दिया। स्थानीय लोग लाठी-डंडों के साथ आ गए। आरोपियों ने महिला को धक्का देकर गिराया और भागने लगे। भीड़ ने उन्हें घेरकर पीटा, लेकिन वे किसी तरह भाग निकले।
पीतांबरा विहार कालोनी में वारदात
दूसरी वारदात 22 मार्च को सुबह 6 बजे चिनहट के पीतांबरा विहार कालोनी में की गई। यहां मॉर्निंग वॉक कर रही एक बुजुर्ग महिला के गले से चेन छीनी गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर रमाबाई गेट नंबर 2 के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।