पूर्णिया पुलिस ने 25 साल की युवती की हत्या मामले में शुक्रवार को खुलासा किया है। हत्या के पांच दिन बाद पुलिस ने युवती के शव को बरामद किया। इसके साथ ही हत्या के मुख्य आरोपी पप्पू मंडल को भी गिरफ्तार किया है।
.
पुलिस ने बताया कि ‘युवती की हत्या उसके जीजा पप्पू ने की थी। उसने हत्या के बाद लाश को घसीटकर घर के आंगन में लाया, फिर शव को वहीं दफना दिया।’
‘साले की पत्नी अक्सर अपने जीजा और साली के बीच चल रहे अवैध संबंध का विरोध करती थी। इससे नाराज जीजा ने साले की पत्नी की हत्या की योजना बनाई।’
मामला सरसी थाना क्षेत्र के वार्ड-7 बोहरा गांव का है। 5 दिन बाद मिट्टी खोद कर लाश निकाली गई है। घटना 8 जून की देर रात करीब 12 बजे की है। वारदात के समय घर में मृतका के ससुर विश्वनाथ मंडल, सास शकुंतला देवी, ननद पिंकी देवी और बच्चे घर के बाहर सोए थे।
मृतका की पहचान सरसी के बोहरा गांव निवासी गगनदीप मंडल की पत्नी अन्नू देवी (25) के रूप में हुई है। वारदात वाली रात पप्पू मंडल की पत्नी पिंकी देवी ने शव को दफनाते देख लिया था।
पति के धमकाने पर पत्नी डर गई। लेकिन, भाई गगनदीप मंडल को परेशान देखकर आरोपी की पत्नी ने हत्या का राज खोला।
JCB से लाश निकालती पुलिस।
13 जून ने पुलिस में शिकायत हुई दर्ज
13 जून को मृतका के पति गगनदीप मंडल ने सरसी थाने में जीजा पप्पू के खिलाफ FIR दर्ज कराई। इसके बाद मजिस्ट्रेट बालकृष्ण भारद्वाज, सरसी थानाध्यक्ष अभय रंजन सिंह और एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची। JCB से खुदाई में आंगन से सड़ी गली हालत में अन्नू की लाश बरामद हुई।
लाश मिलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गया। गांव और आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए GMCH पूर्णिया भेज दिया है और मामले की जांच में जुट है।
5 साल पहले हुई थी शादी
मृतका अन्नु देवी कटिहार के कोढ़ा थाना क्षेत्र के गोदबारा गांव की रहने वाली है। साल 2020 में ही उसकी शादी गगनदीप मंडल से हुई थी। दंपती को एक बेटी नंदिनी कुमारी और एक बेटा आयुष कुमार है।
घटना की जानकारी देते हुए आरोपी जीजा पप्पू मंडल की पत्नी पिंकी देवी ने बताया कि ‘पप्पू मंडल का मेरी बड़ी बहन जानकी देवी से पिछले 2 साल अफेयर चल रहा था। वो जालंधर में रहती है। मेरा पति उसके साथ ही रहना चाहता था। इसको लेकर पति अक्सर मारपीट भी करता था। बच्चों समेत उसे जान से मारने की धमकी दे रहा था। भाभी अन्नू देवी इसका विरोध करती थी।’
‘इसको लेकर 7 जून को गांव में पंचायत भी हुई थी। 8 जून की देर रात काफी गर्मी होने की वजह से ससुर विश्वनाथ मंडल, सास शकुंतला देवी, ननद पिंकी देवी और बच्चे घर के बाहर मचान पर सोए हुए थे। घर में भाभी अन्नु देवी और भाई गगनदीप अलग-अलग कमरे में सोए थे। इसी बीच पति पप्पू मंडल बाथरूम जाने के बहाने उठा। इसके बाद उसकी भी आंख खुली।’
‘काफी देर तक पति के नहीं लौटने पर वो घर में गई। इसी दौरान उसकी नजर पति पर पड़ी। वो भाभी की हत्या कर लाश को घसीटकर आंगन की ओर ले जा रहे थे। उसने लाश को आंगन के पीछे दफनाते देखा। इसी दौरान पति की नजर उसके ऊपर पड़ गई।’
पुलिस ने आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर लिया है।
मर्डर का राज खोलने पर जान से मारने की धमकी
आरोपी की पत्नी ने बताया, ‘मर्डर का राज खोलने पर पति ने जान से मारने की धमकी दी। जिससे वो डर गई। मगर भाभी के अचानक गायब से भाई को परेशान देख उसने मर्डर का राज खोला।’
’13 जून को मृतका के पति ने सरसी थाना पहुंचकर जीजा के खिलाफ पत्नी की हत्या कर लाश को दफनाने की लिखित शिकायत दी। मजिस्ट्रेट और पुलिस की मौजूदगी में आंगन की खुदाई पर इस खौफनाक मर्डर का राज खुला।’
सरसी थानाध्यक्ष अभय रंजन सिंह ने बताया,
मृतका के पति की ओर से आवेदन मिला था। जिसके बाद घर में खुदाई की गई और युवती का शव बरामद किया गया। मामला दर्ज कर आरोपी पप्पू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
————–
ये भी पढ़ें….
जीजा के प्यार में पति का मर्डर, पत्नी-प्रेमी को उम्रकैद:बहनोई संग दिल्ली भागी, वापस लौटने पर पति ने सवाल किया तो प्लानिंग कर मारा
भागलपुर में पति की हत्या के मामले में कोर्ट ने बुधवार को पत्नी को उम्रकैद की सजा सुनाई है। महिला का उसके जीजा के साथ अवैध संबंध था। इसे लेकर ही दोनों ने प्लानिंग के तहत हत्याकांड को अंजाम दिया था। वारदात में महिला का साथ देने वाले जीजा को भी कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। कोर्ट ने दोनों पर 35-35 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। पूरी खबर पढ़िए