Homeझारखंडस्कूल की जर्जर छत गिरी, दो मजदूरों की मौत: गिरिडीह के...

स्कूल की जर्जर छत गिरी, दो मजदूरों की मौत: गिरिडीह के दुधीटांड स्कूल में लोहे की छड़ निकालते समय हुआ हादसा, एक गंभीर – Giridih News


बेंगाबाद पुलिस ने जेसीबी की मदद से ढाई घंटे की मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला।

गिरिडीह जिले के बेंगाबाद दुधीटांड के मध्य विद्यालय में शनिवार शाम को बड़ा हादसा हुआ। जर्जर भवन की छत से लोहे की छड़ें निकालते समय छत गिर गई। इस हादसे में तीन मजदूर मलबे में दब गए।

.

दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान पश्चिमबंगाल के मुर्शीदाबाद निवासी आसादुल (35) और हसीबुल (38) के रूप में हुई है। तीसरे मजदूर मनीजुल को स्थानीय ग्रामीणों ने बचा लिया। उसके एक पैर में गंभीर चोट आई है।

दबे मजदूरों को बचाने के लिए आगे नहीं आ सका कोई

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। छत की जर्जर स्थिति के कारण कोई भी दबे मजदूरों को बचाने के लिए आगे नहीं आ सका। बेंगाबाद पुलिस ने जेसीबी की मदद से ढाई घंटे की मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला।

विद्यालय प्रबंधन ने जर्जर भवन को तोड़ने की जिम्मेदारी कबाड़ी मजदूरों को दी थी। ये मजदूर मुर्शीदाबाद से आए थे और बेंगाबाद में रहकर गांव-गांव से कबाड़ का सामान इकट्ठा करते थे।

घटनास्थल पर जुटी लोगों की भीड़।

साथियों को मलबे में दबा देखा तो मदद के लिए आवाज लगाई

शनिवार को पांच मजदूर विद्यालय पहुंचे थे। वे ड्रिलर और हथौड़े से छत तोड़कर छड़ें निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक छत भरभराकर गिर गई। दो अन्य मजदूर नौशाद और राजदुल पहले निकाली गई छड़ों को कबाड़ी के पास पहुंचाने गए थे। जब वे वापस लौटे तो अपने साथियों को मलबे में दबा देखा और मदद के लिए आवाज लगाई।

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण वहां पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद मनीजुल को बाहर निकालने में सफलता पाई, लेकिन आसादुल और हसीबुल के भारी लोड से दबे होने के कारण ग्रामीणों का हिम्मत भी जबाब दे दिया। इसके बाद पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई।

छत के बड़े हिस्से के नीचे दो मजदूर दब गए, जिससे उनकी मौत हो गई।

ढाई घंटे के बाद दोनों शवों को जेसीबी के सहयोग से बाहर निकाला गया

सूचना मिलने के बाद बेंगाबाद बीडीओ सुनील कुमार मुर्मू, राजस्व कर्मचारी विजय कुमार मुर्मू, सब इंस्पेक्टर विजय कुमार मंडल दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दबे मजदूरों को बाहर निकालने में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद ढाई घंटे के बाद दोनों शवों को जेसीबी के सहयोग से बाहर निकाला गया। शवों को सदर अस्पताल पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

छत तोड़ने के दरमियान हादसा हुआ है। छत गिर गई, जिसमें दो मजदूर दब गए और उनकी मौत हो गई। जबकि एक मजदूर घायल है। घटना के बाद राहत बचाव का कार्य किया गया। पूरे मामले की छानबीन की जाएगी। -ममता कुमारी, इंस्पेक्टर



Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version