‘मेरे घर वालो को फांसी दे दो। उन्होंने मेरा सुहाग उजाड़ दिया है। न्याय नहीं मिला तो वो मुझे भी मार देंगे।’
.
ये दर्द 20 साल की नागौर की करिश्मा चौधरी का है। 11 साल की उम्र में बाल विवाह हुआ। बड़ी हुई तो कॉलेज टीचर सहदेव भाकर से प्यार हो गया। उसके साथ लिव-इन में रहने लगी।
13 जून को करिश्मा के परिवार वालों ने उसके प्रेमी सहदेव को दिन-दहाड़े अजमेर से किडनैप कर लिया था। आरोप है कि 14 जून को पीट-पीट कर उसकी हत्या कर दी गई। फिर शव को तेजासर इलाके में फेंक कर भाग गए थे।
ऑनर किलिंग के बाद दैनिक भास्कर ने पीड़ित करिश्मा से बात की। पढ़िए यह रिपोर्ट…
करिश्मा अभी अपने ससुराल रातंगा गांव में सहदेव भाकर के घर में है। हम गांव पहुंचे तो वहां सहदेव की ऑनर किलिंग के बाद अजीब सा सन्नाटा था। हर ओर मातम पसरा था। लोगों ने बताया कि सहदेव के माता-पिता की कंडीशन खराब है। उन्हें नागौर हॉस्पिटल ले जाया गया है। हमने सहदेव की लिव इन पार्टनर करिश्मा से बात की।
करिश्मा चौधरी और सहदेव भाकर की एक पुरानी तस्वीर।
नर्सिंग कॉलेज में पढ़ाने वाले टीचर से प्यार हुआ करिश्मा बोली- मैं धारणा गांव की रहने वाली हूं। महज 11-12 साल की थी, जब माता-पिता और परिवार वालों ने मेरा बाल विवाह तय कर दिया था। बड़ी होने पर मुझे इसका पता चला था। मुझे इस तरह अपना ये बाल विवाह स्वीकार नहीं था।
इस बीच मैं पास के ही तरनाऊ गांव में नर्सिंग की पढ़ाई करने कॉलेज में पहुंची। वहां कॉलेज में पढ़ाने वाले टीचर सहदेव भाकर से पहली ही नजर में मुझे प्यार हो गया था। तब हमने साथ जीवन बिताने की कसमें खाईं।
सहदेव की मौत के बाद से करिश्मा सदमे में है। इस बात से भी खौफ में है कि उसके परिवार वाले अब उसे टारगेट करेंगे।
पहले से शादीशुदा, तलाक देना चाहता था पत्नी को करिश्मा कहती है- सहदेव पहले से ही शादीशुदा था। उसकी शादी साल 2018 में रातंगा के पास के ही खुशिया गांव की चंदा देवी के साथ हुई थी। सहदेव की उससे नहीं बनती थी। मेरे लिए सहदेव चन्दा को तलाक देना चाहता था। हालांकि तब मैं नाबालिग थी। हम दोनों ने इसके लिए कुछ समय का इंतजार किया।
इधर मेरे परिवार वाले भी मेरे बालिग होने का इंतजार कर रहे थे ताकि वो मेरा मुकलावा (बाल विवाह के बाद पहली बार ससुराल भेजना) कर मुझे ससुराल भेज दें।
मैं इसके लिए तैयार नहीं थी। हर हाल में सहदेव के साथ ही रहना चाहती थी। आखिरकार साल 2024 में मेरी उम्र 18-19 साल हो गई। सहदेव ने जायल कोर्ट में अपनी पत्नी चंदा से तलाक के लिए अर्जी पेश कर दी। इसके कुछ दिन बाद ही मैंने भी अपने परिवार वालों से सहदेव के साथ अपने अफेयर का खुलासा कर दिया।
परिवार वालों से साफ कर दिया था- मैं शादी करूंगी तो सिर्फ सहदेव से ही करूंगी। इससे मेरे परिवार वाले काफी नाराज हुए। उन्होंने इसके लिए साफ इनकार कर दिया।
तस्वीर उस दौरान की है जब करिश्मा और सहदेव भाकर ने लिव-इन में रहना शुरू कर दिया था।
पुलिस थाने में ही धमकी, नहीं मिली सुरक्षा 9 महीने पहले मैं मौका पाकर सहदेव के साथ अपने घर से भाग गई। दोनों ने जयपुर आकर अपने लिव इन रिलेशन के कागजात तैयार कर लिए। दो- तीन दिन गायब रहने के बाद हम दोनों ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। यहां पुलिस के सामने मैंने परिवार वालों की तरफ से मिली धमकियों के बारे में बताया और सहदेव के साथ ही रहने की इच्छा जाहिर की। साथ ही पुलिस प्रोटेक्शन की डिमांड कर दी।
इस बात से परिवार वाले और ज्यादा नाराज हो गए थे। उस दौरान चाचा रामकिशोर ने सहदेव और मुझे जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बावजूद पुलिस ने हमें प्रोटेक्शन नहीं दिया।
करिश्मा ने बताया कि सहदेव की पहले शादी हो चुकी थी। लेकिन वे अपनी पहली पत्नी को पसंद नहीं करते थे। दोनों के बीच तलाक का मामला चल रहा था।
सुरक्षा नहीं मिलने के कारण सतर्क रहना पड़ता था करिश्मा बताती हैं सुरक्षा नहीं मिलने के कारण हमें हर समय सतर्क रहना पड़ता था। दोनों कहीं भी लोकल में बाहर नहीं जाते थे। कुछ दिनों के लिए दोनों जैसलमेर और मुंबई घूमने गए थे। जल्दी ही सहदेव के तलाक वाले केस में फैसला होने वाला था। सहदेव पढ़ाई में होशियार थे।
मुझे पूरा भरोसा था कि उनकी सरकारी नौकरी भी जल्दी ही लग जाएगी। इसके लिए वो दिन-रात पढ़ाई करते थे। 8 जून को एक एग्जाम दिया था। 12 जून को वो दूसरा एग्जाम देने अजमेर गए थे।
सहदेव और करिश्मा मुंबई, जैसलमेर घूमने भी गए थे। दोनों को जान का खतरे का आभास था। हमेशा वो सतर्क रहते थे। (फाइल फोटो)
जान के खतरे को देखते हुए सहदेव उस दिन रोडवेज बस से गए थे। अगले दिन लौटते समय अजमेर रोडवेज बस स्टेशन से मेरे घरवालों ने सहदेव को किडनैप कर लिया। इसके लिए पिता बस्तीराम, चाचा रामकिशोर, चाचा रामप्रसाद, बहन ललिता, उसका पति और मेरा जीजा महिपाल, दूसरे जीजा राजू और फूफा हड़मान बस स्टैंड पहुंचे थे।
सहदेव को इनलोगों ने पीट-पीटकर मार डाला और उसकी लाश फेंक गए। अब वो मुझे भी मारना चाहते हैं। जब तक उन्हें फांसी नहीं मिलेगी, मुझे न्याय नहीं मिल सकता है।
अजमेर से किडनैप हुआ, अगले दिन लाश मिली सहदेव 12 जून को अपने दोस्त हरेंद्र के साथ अजमेर में नर्स भर्ती एग्जाम देने गए थे। एग्जाम के बाद वो दोनों वापस घर लौटने के लिए 13 जून को दोपहर 1 बजे अजमेर रोडवेज बस स्टैंड पर पहुंचे थे। इस दौरान सहदेव की लिव इन पार्टनर करिश्मा का जीजा महिपाल और बड़ी बहन ललिता बस स्टैंड पर आए। वे सहदेव से बात करने लगे।
सहदेव भाकर की एक पुरानी तस्वीर, जिनकी 14 जून को हत्या कर दी गई।
यहां उनमें जमकर विवाद हुआ। थोड़ी देर में ही वहां एक कैंपर गाडी आई। उसमें बैठे लोगों ने जबरदस्ती सहदेव को पकड़ कर गाड़ी में पटक दिया। दिनदहाड़े अजमेर बस स्टैंड से सहदेव का किडनैप कर लिया गया। हरेंद्र ये सब देखकर डर गया और मौके से भाग गया। बाद में उसने घटना की आंशिक जानकारी सहदेव के पिता रामदेव भाकर को दी।
सहदेव के पिता रामदेव अगले दिन 14 जून की दोपहर में अजमेर के सिविल लाइन थाने पहुंचे। उन्होंने रिपोर्ट पेश कर ससुराल वालों पर किडनैप करने का आरोप लगाते हुए अनहोनी की आशंका जताई थी।
14 जून की शाम को सूचना मिली कि नागौर के जायल के तेजासर गांव के मेहरवास रोड के किनारे खेत में एक युवक का शव पड़ा है। पुलिस ने सहदेव के पिता रामदेव से संपर्क किया और शव के फोटोग्राफ दिखाए। उन्होंने शव की पहचान कर दी। इसके बाद मामले में हत्या की धारा भी जोड़ दी गई।
सहदेव कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी कर रहे थे। उनके पिता खेती करते हैं। करिश्मा के परिवार के लोग भी खेती-बाड़ी करते हैं। करिश्मा फिलहाल सहदेव के घर में ही है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस मामले की जांच कर रहे अजमेर सिविल लाइन थाने के सीआई शंभू सिंह ने बताया- अब तक के प्राइमरी इन्वेस्टिगेशन में करिश्मा के परिजनों का ही रोल सामने आया है। उन्हें पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें बनाकर तलाश की जा रही है।
इन दोनों के रिश्ते के चलते करिश्मा के परिजन ही नहीं सहदेव की पत्नी चंदा देवी के परिजन और करिश्मा के ससुराल वाले भी सहदेव और करिश्मा से नाराजगी रखते थे। ऐसे में सभी एंगल को ध्यान में रखते हुए टेक्निकल तरीके से इन्वेस्टिगेशन की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
——-
राजस्थान में ऑनर किलिंग की यह खबर भी पढ़िए…
दामाद को मार डाला:लव मैरिज करने से नाराज थे, एग्जाम देने गए युवक का पहले किडनैप किया था
लव मैरिज से नाराज ससुराल वालों ने दामाद का पहले किडनैप किया, फिर पीट-पीटकर मार डाला। इसके बाद उसकी लहूलुहान बॉडी खाली खेत में फेंक आए। युवक के पिता ने ससुर सहित 4 रिश्तेदारों के खिलाफ अपहरण, मर्डर का मुकदमा दर्ज कराया है। (पढ़िए पूरी खबर….)