सायरा में 11 लाख की बड़ी चोरी:ठेकेदार के घर से 7 किलो चांदी और नकदी ले उड़े चोर, नीचे सोती रही पत्नी; ऊपर बदमाशों ने तोड़ी अलमारी

3 Min Read



उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र के उमरोद गांव में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाया। बीती रात हुई इस वारदात में लाखों के जेवर चोरी हो गए। मकान निर्माण ठेकेदार पुनाराम गमेती के घर हुई इस वारदात में चोर करीब 7 किलो चांदी के जेवरात और 80 हजार रुपए नकद बटोर ले गए। पुनाराम की माने तो इस चोरी से उन्हें करीब 11 लाख रुपए का बड़ा नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार, उमरोद निवासी पुनाराम पुत्र डालूराम गमेती पूनम के अवसर पर मंदिर गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी अकेली थी और वह मकान के नीचे वाले हिस्से में सो रही थी। इसी बात का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने मकान की दूसरी मंजिल को अपना निशाना बनाया। चोरों ने ऊपर के कमरे के दरवाजे का ताला तोड़ा और चुपचाप अंदर दाखिल हो गए। अलमारी तोड़कर तलाशा कीमती सामान, सब कर दिया अस्त-व्यस्त
कमरे में घुसने के बाद बदमाशों ने वहां रखी अलमारी को तोड़ दिया। चोरों ने अलमारी में रखे कपड़ों और अन्य सामान को पूरे कमरे में बिखेर दिया। उन्हें अलमारी के अंदर करीब 7 किलो चांदी के भारी गहने और 80 हजार रुपए कैश मिल गए। सारा कीमती सामान समेटकर चोर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। सुबह जब परिवार के सदस्य ऊपर वाले कमरे में गए, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। गांव में मचा हड़कंप
चोरी की खबर जैसे ही गांव में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण पुनाराम के घर पर इकट्ठा हो गए। पुनावली के उप सरपंच योगेश पालीवाल को घटना की सूचना दी गई, जिन्होंने तुरंत सायरा पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस का जाब्ता मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इलाके में दहशत
मकान निर्माण ठेकेदार के घर हुई इस बड़ी चोरी के बाद से उमरोद और आसपास के ग्रामीण इलाकों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि चोर अब घरों के अंदर घुसकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पीड़ित पुनाराम गमेती ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनका चोरी गया सामान बरामद कराया जाए। फिलहाल पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी है। इनपुट – गोपाल लोढ़ा, गोगुंदा।



Source link

Share This Article
Leave a Comment