पहले ये वीडियो देखिए… ’हुमायूं कबीर तू चोर है, दलाल है…’
.
वीडियो में दिख रहे शख्स हुमायूं कबीर हैं। सरेराह खुद को चोर कहने वाले से उलझ पड़े और उसके पीछे भागे। Video Courtesy- ABP
हुमायूं को चोर क्यों कहा, ये वीडियो देखिए…
’मैंने शुभेंदु अधिकारी से बोला कि मुझे पैसा चाहिए, ये पूरा लक्ष्य 1000 करोड़ रुपए में पूरा होगा।’
इस वीडियो में हुमायूं BJP नेताओं के साथ एक हजार करोड़ रुपए की डील के बारे में बता रहे थे।
6 दिसंबर 2025 को मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में बाबरी मस्जिद का शिलान्यास करने के बाद हुमायूं को ममता ने पार्टी से निकाल दिया। इन सभी मसलों पर हुमायूं कबीर से सीधी बातचीत। पढ़िए पूरा इंटरव्यू…
सवाल: आप कांग्रेस, TMC और BJP तीनों पार्टियों में रह चुके हैं, अब किस आधार पर वोट मांग रहे हैं?
जवाब: 2016 में जब TMC ने टिकट नहीं दिया, तब मैं निर्दलीय चुनाव लड़ा। महज 17 दिन के चुनाव प्रचार में ही TMC को कमजोर कर दिया था। TMC काफी पीछे थी, इसलिए हुमायूं कबीर से पंगा लेने से पहले किसी भी पार्टी को सोचना चाहिए।
मैं कोई फालतू आदमी नहीं हूं। अपने इलाके का जमीन से जुड़ा नेता हूं। भरोसा दिलाता हूं कि यहां लोग हुमायूं कबीर को देखकर वोट देते हैं। आपको ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी की रैली से ज्यादा भीड़ मेरी रैली में दिखेगी।

सवाल: एक वायरल वीडियो में आप 1000 करोड़ रुपए की लेनदेन की बात कर रहे हैं। क्या मामला है?
जवाब: किसी ने मुझे दिल्ली के एक पत्रकार से मिलवाया था। बीते साल दिसंबर में जब वो सिलीगुड़ी आए, तो मिलने का समय मांगा। 19 दिसंबर 2025 की बात है। मैंने उन्हें दोपहर 12 बजे बहरामपुर में मिलने के लिए बुलाया, लेकिन वो नहीं आ सके। फिर शाम 4 बजे उनका फोन आया और बोले कि दूर से आए हैं, अगर मुलाकात हो जाए, तो मैंने बुला लिया।
शाम करीब 7 बजे वो घर आए। उनके साथ एक महाराज भी थे। मैं उन्हें नहीं जानता था। दोनों लगभग 51 मिनट बैठे। पत्रकार ने पूछा कि TMC ने आपको सस्पेंड कर दिया है, अब क्या करेंगे, कैसे राजनीति करेंगे? कांग्रेस में जाएंगे या कुछ और करेंगे।
मैंने कहा कि 30 साल कांग्रेस, 7 साल TMC और 17 महीने BJP में रहा। अब किसी के अंडर काम नहीं करूंगा। मुलाकात के बाद से ही उनका फोन बंद है। अब बताइए वीडियो में हुए सवाल-जवाब अगर कोई बाहर जाकर बदल दे, तो क्या करें? अब जवाब तो मुझे ही देना है।

19 मिनट के वायरल वीडियो में हुमायूं कबीर ये भी कह रहे हैं कि वे ममता को किसी भी कीमत पर सत्ता से हटाना चाहते हैं।
सवाल: MP के CM मोहन यादव और असम के CM हिमंता से मुलाकात और बातचीत के आरोपों पर क्या कहेंगे?
जवाब: मोहन यादव से कभी नहीं मिला, न कभी बात हुई। हिमंता से भी कोई बात नहीं हुई। जब तक जिंदा रहूंगा, कभी BJP और RSS के साथ नहीं मिलूंगा। यही मेरा एजेंडा है। मैं मुसलमानों के साथ गद्दारी नहीं करूंगा। मेरे लिए पहले कौम है, मुसलमान लोग हैं, उसके बाद राजनीति और पार्टी है।
सवाल: वायरल वीडियो के बाद औवेसी ने आपसे समर्थन वापस ले लिया, क्या वजह लगती है?
जवाब: ओवैसी को बड़ा भाई मानता हूं। वे लंदन से पढ़े-लिखे बैरिस्टर है, सांसद हैं, इसलिए उनकी इज्जत करता हूं। उनकी पार्टी के स्टेट लीडर इमरान सोलंकी गड़बड़ी कर रहे हैं। कुछ और नेता भी TMC से मिले हुए हैं। ये अभिषेक और I-PAC के जरिए काफी पैसा लेते हैं।
AIMIM का राष्ट्रीय प्रवक्ता आदिल हुसैन और प्रदेश अध्यक्ष इमरान सोलंकी दोनों बंगाली नहीं हैं। ये TMC से पैसे लेकर उसकी भाषा बोलते हैं। ओवैसी को इनकी जांच करानी चाहिए।
सवाल: मतलब आप ये कहना चाहते हैं कि ओवैसी की पार्टी के लोग TMC से मिले हुए हैं?
जवाब: हां, बिल्कुल। पहले ओवैसी ने 8 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही थी। फिर मुझसे बात करके 12 सीटें देने की गुजारिश की। फिर आदिल ने पैसे ले लिए और वो मुझसे 14 सीटें मांगने लगा। इस तरह ओवैसी की पार्टी बंगाल में कभी खड़ी नहीं हो सकेगी।

तस्वीर 1 अप्रैल की है, जब AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने हुमायूं कबीर के साथ बंगाल में पहली चुनावी रैली की थी।
सवाल: वीडियो वायरल होने के बाद क्या आपकी असदुद्दीन ओवैसी से कोई बात हुई?
जवाब: नहीं, कोई बात नहीं हुई। पहले जब सीट बंटवारे को लेकर हमारी बात हो रही थी, तब मैंने डिप्टी CM का पद मांगा था। हालांकि, उन्होंने सीधे CM बनाने की बात कही थी। वीडियो वायरल होने के बाद मैंने खुद उनसे बात करने की कोशिश की थी, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। अगले दिन मीडिया से पता चला कि उनकी पार्टी ने हमसे समर्थन वापस ले लिया है।
सवाल: वायरल वीडियो आपका है या नहीं, सच क्या है?
जवाब: वो मेरा ही वीडियो है, लेकिन AI के जरिए मेरी बातें बदली गई हैं। मैंने हाईकोर्ट में चैलेंज किया है। मेरा सवाल है कि जब वीडियो 19 दिसंबर को रिकॉर्ड किया गया, तो 5 महीने बाद अप्रैल में क्यों जारी किया गया। जब वो लोग (TMC) मेरा सामना नहीं कर पाए और लगा चुनाव हार जाएंगे, तो ऐसा वीडियो ले आए।
सवाल: क्या बाबरी मस्जिद बनेगी, ये कितना बड़ा मुद्दा है?
जवाब: बाबरी तो बनेगी, इसे न BJP रोक पाएगी और न TMC। अयोध्या में दोबारा बाबरी मस्जिद बनाने के लिए 5 एकड़ जमीन दी जानी थी, लेकिन ये अयोध्या से 15 किमी दूर दी गई। वहां मुस्लिम आबादी भी नहीं है। यहां (मुर्शिदाबाद) 72% मुस्लिम हैं, इसलिए यहां मस्जिद बनवा रहा हूं। ये इबादत की जगह है। इसके लिए हमने एक ट्रस्ट बनाया है। अभी चुनाव लड़ने की वजह से मैंने ट्रस्ट से इस्तीफा दे दिया है।
सवाल: अगर बंगाल में TMC और BJP किसी को बहुमत नहीं मिला, तो आप किसे समर्थन देंगे?
जवाब: इस बार किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिलने वाला है। इस स्थिति में दूसरी राजनीतिक पार्टियां मुझसे समर्थन मांगेंगी। सरकार बनाने के लिए जो मुझे सपोर्ट करेगा, उसी के साथ जाएंगे।

………………….
ये खबर भी पढ़ें…
हिंदू बाप-बेटे को काट डाला, बंगाल में चुनावी मुद्दा नहीं

पश्चिम बंगाल में मुर्शिदाबाद ही नहीं, बीते 5 साल में मालदा, कूचबिहार, नादिया, झाड़ग्राम, बीरभूम और संदेशखाली में कई हिंसक घटनाएं हुईं। इन इलाकों में विधानसभा की कुल 76 विधानसभा सीटें हैं। इनमें से 54 सीटें TMC और 22 BJP के पास हैं। हिंसा का इन सीटों क्या असर है, पढ़िए पूरी खबर…















