- Hindi News
- Business
- India Inflation | India Retail Inflation Rate April 2025 Prediction Update
नई दिल्ली23 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
महंगाई के बास्केट में लगभग 50% योगदान खाने-पीने की चीजों का होता है। मार्च में इसकी महंगाई महीने-दर-महीने आधार पर 3.75% से घटकर 2.67% हो गई थी।
भारत की रिटेल महंगाई अप्रैल में 3.2% रहने की उम्मीद है। आज रिटेल महंगाई के आंकड़े जारी किए जाएंगे। खाने-पीने के सामान की कीमतों में लगातार नरमी के कारण रिटेल महंगाई फरवरी से RBI के लक्ष्य 4% से नीचे है।
यदि अनुमान सही साबित होता है, तो यह पिछले 5 साल में महंगाई में लगातार कमी का सबसे लम्बा सिलसिला होगा। इससे पहले मार्च महीने में रिटेल महंगाई 3.34% रही थी। ये महंगाई का 5 साल 7 महीने का निचला स्तर था।
मार्च में रिटेल महंगाई
- महंगाई के बास्केट में लगभग 50% योगदान खाने-पीने की चीजों का होता है। इसकी महंगाई महीने-दर-महीने आधार पर 3.75% से घटकर 2.67% हो गई थी।
- मार्च महीने में ग्रामीण महंगाई दर 3.79% से घटकर 3.25% हो गई थी। वहीं शहरी महंगाई 3.32% से बढ़कर 3.43% हो गई थी।
महंगाई कैसे बढ़ती-घटती है?
महंगाई का बढ़ना और घटना प्रोडक्ट की डिमांड और सप्लाई पर निर्भर करता है। अगर लोगों के पास पैसे ज्यादा होंगे तो वे ज्यादा चीजें खरीदेंगे। ज्यादा चीजें खरीदने से चीजों की डिमांड बढ़ेगी और डिमांड के मुताबिक सप्लाई नहीं होने पर इन चीजों की कीमत बढ़ेगी।
इस तरह बाजार महंगाई की चपेट में आ जाता है। सीधे शब्दों में कहें तो बाजार में पैसों का अत्यधिक बहाव या चीजों की शॉर्टेज महंगाई का कारण बनता है। वहीं अगर डिमांड कम होगी और सप्लाई ज्यादा तो महंगाई कम होगी।
CPI से तय होती है महंगाई
एक ग्राहक के तौर पर आप और हम रिटेल मार्केट से सामान खरीदते हैं। इससे जुड़ी कीमतों में हुए बदलाव को दिखाने का काम कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स यानी CPI करता है। हम सामान और सर्विसेज के लिए जो औसत मूल्य चुकाते हैं, CPI उसी को मापता है।
कच्चे तेल, कमोडिटी की कीमतों, मैन्युफैक्चर्ड कॉस्ट के अलावा कई अन्य चीजें भी होती हैं, जिनकी रिटेल महंगाई दर तय करने में अहम भूमिका होती है। करीब 300 सामान ऐसे हैं, जिनकी कीमतों के आधार पर रिटेल महंगाई का रेट तय होता है।